बुधवार, 23 सितंबर 202603:30:45 PM
Download App
Home/देश

अधिवक्ता से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन : थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसर्मी सस्पेंड, चोटों के निशाने मिलने के बाद वकीलों ने खोला मोर्चा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 23, 2026
07:32 AM
थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसर्मी सस्पेंड, चोटों के निशाने मिलने के बाद वकीलों ने खोला मोर्चा

भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में बीती रात एक सीनियर अधिवक्ता के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ चुका है। अधिवक्ता के शरीर पर चोटों के निशान सामने आने के बाद बड़ी संख्या में वकील एकजुट होकर जहांगीराबाद थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। वकीलों के मोर्चा खोलने पर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में आरक्षक यश लखेरा और आरक्षक रामस्वरूप भी शामिल हैं। वहीं मामले की प्राथमिक जांच सात दिन के भीतर पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान तीनों पुलिसकर्मियों को रिजर्व सेंटर से संबद्ध रखा जाएगा। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल मंगलवार रात खटलापुरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैफिक में रुकावट के चलते एडवोकेट राकेश रावल और ट्रैफिक एसीपी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिस बल वकील को जहांगीराबाद थाने ले आया, जहां थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर उनके साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे।

थाने में वकीलों का भारी हंगामा

घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

सीनियर अधिवक्ता देवेंद्र रावत ने मामले को लेकर थाने में धरना दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता के साथ गलत व्यवहार किया है, उन्हें माफी मांगनी चाहिए। वकीलों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस विभाग द्वारा तत्काल निलंबन की कार्रवाई किए जाने के बाद मामले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें