मंगलवार, 27 अक्टूबर 202608:10:53 AM
Download App
Home/देश

सेबू दौरे पर रवाना हुए रक्षा मंत्री : एडीएमएम की बैठक में 11 आसियान देशों की प्रमुख शक्तियां होंगी शामिल, शाति-सुरक्षा और आतंकवाद पर होगा मंथन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 27, 2026
06:02 AM
एडीएमएम की बैठक में 11 आसियान देशों की प्रमुख शक्तियां होंगी शामिल, शाति-सुरक्षा और आतंकवाद पर होगा मंथन

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को फिलीपींस के दौरे पर रवाना हुए। वे सेबू में 28 और 29 अक्टूबर को आयोजित होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनका फोकस हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को मजबूत करने पर रहेगा। वहीं बैठक में 11 आसियान देशों समेत प्रमुख शक्तियां शामिल होंगी जो क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग तथा रक्षा संबंधों को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

क्षेत्रीय सुरक्षा पर भारत रखेगा अपना पक्ष

सेबू के दौरे पर रवाना होने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में कह किा एडीएमएम-प्लस क्षेत्रीय रक्षा और रणनीतिक मामलों पर विचार-विमर्श का एक प्रमुख मंच है। उन्होंने कहा कि वह इस बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े साझा मुद्दों पर भारत का पक्ष रखने के लिए उत्सुक हैं।

राजनाथ सिंह ने भारत की एक्ट ईस्ट नीति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आसियान की केंद्रीय भूमिका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा सामूहिक विकास भारत की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इस नीति के तहत भारत दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा सहयोग और रणनीतिक संबंधों को लगातार मजबूत करने पर जोर देता रहा है।

आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर भी रहेगा फोकस

सेबू में होने वाली बैठक में आतंकवाद के खिलाफ सहयोग एक अहम विषय रहेगा। भारत और मलेशिया वर्ष 2024 से 2027 तक आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्यसमूह की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत आतंकवाद से जुड़ी चुनौतियों पर सदस्य देशों के बीच सहयोग और विचारों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के उपायों और साझा सुरक्षा हितों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। हालांकि, किसी विशेष प्रस्ताव या समझौते को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कई देशों के रक्षा मंत्रियों से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

दौरे के दौरान राजनाथ सिंह विभिन्न भागीदार देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन वार्ताओं में मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी। एडीएमएम-प्लस में आसियान के 11 सदस्य देशों के अलावा भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भाग लेते हैं। यह मंच सदस्य देशों और संवाद साझेदारों को रक्षा तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सीधे बातचीत का अवसर देता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें