उमर कैबिनेट का आकार बढ़ा : एलजी ने चार नए मंत्रियों को दिलाई गोपनीयता की शपथ, इन्हें मिली जगह

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने चार विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ समारोह श्रीनगर के चश्मा शाही स्थित लोक भवन आॅडिटोरियम में आयोजित किया गया। मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी चार विधायक कश्मीर घाटी से आते हैं। इनमें एक महिला विधायक शमीम फिरदौस भी शामिल हैं। इस विस्तार के बाद जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या नौ हो गई है।
समारोह में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, फारूक अब्दुल्ला, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, पार्टी के वरिष्ठ नेता मुबारक गुल सहित कई विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। शपथ लेने वालों में श्रीनगर के खानयार विधानसभा क्षेत्र से विधायक अली मोहम्मद सागर शामिल हैं। वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और सात बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।
इसके अलावा हब्बा कदल से विधायक शमीमा फिरदौस, कुपवाड़ा जिले के त्रेहगाम से विधायक मीर सैफुल्लाह और अनंतनाग जिले के पहलगाम से विधायक अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ कालू को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। शमीमा फिरदौस दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं।
नौ मंत्रियों के साथ कैबिनेट का विस्तार पूरा
मंत्रिमंडल में पहले से शामिल उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चैधरी, सकीना इटू, जावेद राणा और जावेद अहमद डार को बरकरार रखा गया है। नए मंत्रियों के शामिल होने से जम्मू-कश्मीर सरकार में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कुल नौ मंत्री हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 के तहत केंद्र शासित प्रदेश की मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम नौ मंत्री हो सकते हैं। इस लिहाज से मंत्रिमंडल अब अपनी निर्धारित अधिकतम संख्या तक पहुंच गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
