शुक्रवार, 21 अगस्त 202610:49:07 PM
Download App
Home/देश

देश के के असली मुद्दों पर ध्यान दें पक्ष-विपक्ष : वंदे मातरम गीत पर सियायत से भड़की मायावती, कहा- समस्याओं के समाघान में लगाएं ऊर्जा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 21, 2026
06:01 AM
वंदे मातरम गीत पर सियायत से भड़की मायावती, कहा- समस्याओं के समाघान में लगाएं ऊर्जा

लखनऊ। वंदे मातरम गायन को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच सियासी संग्राम जारी है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दल एक-दूसरे पर जमकर जुबानी हमले बोल रहे हैं। अब इस मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती की एंट्री हो गई है। उन्होंने दोनों दलों को नसीहत देते हुए कहा है कि सरकार और विपक्षी दल देश के असली मुद्दों पर ध्यान दें। देश में गीत के पूरे स्वरूप, शुरुआती दो छंदों या इसके गायन को लेकर राजनीति करना उचित नहीं है।

उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस समय देश के सामने बेरोजगारी, युवाओं की परेशानियां, विद्यार्थियों की समस्याएं और कई इलाकों में आई भीषण बाढ़ जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं। ऐसे समय में राजनीतिक दलों को इन समस्याओं के समाधान पर अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।

कानून बदलने की राजनीति पर भी उठाए सवाल

मायावती ने कहा कि केंद्र और राज्यों में सत्ता बदलने के बाद राजनीतिक दल कई बार अपने हितों के मुताबिक पहले से बने कानूनों में बदलाव करते रहे हैं। उनके मुताबिक कई बार राजनीतिक कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भी ऐसे मुद्दों को तूल दिया जाता है।

बसपा प्रमुख ने केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे देशहित से जुड़े वास्तविक सवालों को प्राथमिकता दें। उन्होंने खास तौर पर बेरोजगार युवाओं, महाविद्यालय और विद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं तथा बाढ़ से प्रभावित लोगों की स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत बताई।

स्वतंत्रता दिवस के बाद तेज हुआ राजनीतिक विवाद

वंदे मातरम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद तेज हुआ। भाजपा की ओर से कांग्रेस मुख्यालय में हुए समारोह का वीडियो साझा कर आरोप लगाया गया कि पूरा गीत गाए जाने के दौरान सोनिया गांधी ने इसे रोकने का प्रयास किया। भाजपा ने राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बताया गलत

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समारोह में पूरा वंदे मातरम गाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी का इशारा गीत बंद कराने के लिए नहीं था। उनके अनुसार, सोनिया गांधी लंबे समय से खड़े कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी की व्यवस्था कराने का संकेत दे रही थीं।

मायावती ने बताया असली प्राथमिकता क्या होनी चाहिए

मायावती के बयान से साफ है कि बसपा इस विवाद को राजनीतिक मुद्दा बनाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं, विद्यार्थियों और बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याएं तत्काल समाधान मांगती हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों को आपसी आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर जनहित के सवालों पर काम करना चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें