रविवार, 9 अगस्त 202608:23:57 AM
Download App
Home/देश

पीएम मोदी ने शेयर किया प्रेरक संस्कृत सुभाषित, : श्लोक के जरिए सेवा, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 07, 2026
07:18 AM
श्लोक के जरिए सेवा, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक प्रेरक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए निस्वार्थ सेवा और परोपकार का संदेश दिया। उन्होंने श्लोक के माध्यम से बताया कि सच्चे सज्जन बिना किसी स्वार्थ या प्रत्युपकार की अपेक्षा के दूसरों का हित करते हैं, क्योंकि यही उनका स्वभाव होता है।

प्रधानमंत्री ने लिखा, किं चन्द्रमाः प्रत्युपकारलिप्सया करोति गोभिः कुमुदावबोधनम। स्वभाव एवोन्नतचेतसां सतां परोपकारव्यसनं हि जीवितम॥ इस श्लोक का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि जैसे चंद्रमा किसी प्रतिफल की इच्छा के बिना अपनी किरणों से कुमुदिनी को खिलाता है, उसी प्रकार उदार और महान हृदय वाले लोग बिना किसी स्वार्थ के समाज की सेवा करते हैं। परोपकार ही उनके जीवन का स्वाभाविक गुण होता है।

लगातार चौथे दिन साझा किया संस्कृत संदेश

प्रधानमंत्री बीते चार दिनों से लगातार संस्कृत श्लोकों के माध्यम से प्रेरक संदेश साझा कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने मातृभूमि, प्रकृति और औषधियों के संरक्षण पर आधारित श्लोक पोस्ट किया था। इसके जरिए उन्होंने देश सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने का संदेश दिया।

युवाओं को आत्मविकास और राष्ट्र निर्माण की सीख

बुधवार को प्रधानमंत्री ने आत्मिक विकास, सेवा और राष्ट्र निर्माण पर आधारित श्लोक साझा करते हुए कहा था कि आत्मविकास से व्यक्ति में समर्पण और समाज के लिए कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने विश्वास जताया था कि यही सोच आज देश की युवा शक्ति को हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।

ज्ञान और साधना का भी दिया संदेश

मंगलवार को प्रधानमंत्री ने न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते... श्लोक साझा करते हुए ज्ञान और निरंतर साधना के महत्व पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि सतत प्रयास और कर्मयोग से व्यक्ति का अंतःकरण शुद्ध होता है और समय के साथ उसे सच्चे ज्ञान की प्राप्ति होती है। लगातार साझा किए जा रहे इन संस्कृत सुभाषितों के जरिए प्रधानमंत्री सेवा, ज्ञान, आत्मविकास और राष्ट्र निर्माण जैसे मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें