दतिया की हार से भाजपा में बेचैनी, : मंत्री विजयवर्गीय बोले- परिणाम पर गंभीरता से विचार जरूरी, नहीं लिया जाना चाहिए हल्के में

इंदौर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली हार ने पार्टी के नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है। इतना ही हार की समीक्षा करने सत्ता और संगठन में मंथन का भी दौर शुरू हो गया है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव परिणामों की संगठनात्मक समीक्षा होगी और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किन कारणों से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि उपचुनाव और आम चुनाव की परिस्थितियां अलग होती है, लेकिन हार को किसी भी कीमत पर हल्के में नहीं लिया जा सकता।
विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ चुनाव लड़ा, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके। उन्होंने दो टूक कहा कि हार, हार होती है और जीत, जीत होती है। इसलिए इस परिणाम पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
प्रदेश अध्यक्ष कह चुके हैं समीक्षा की बात
उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी समीक्षा की बात कह चुके हैं। संगठन हर स्तर पर चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करेगा। जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रशांत किशोर की जीत को बताया व्यक्ति आधारित प्रभाव
बिहार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गृहक्षेत्र की सीट पर जनसुराज समर्थित उम्मीदवार की जीत को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि वह पूरी तरह व्यक्ति-आधारित चुनाव था। उनके अनुसार, प्रशांत किशोर भले स्वयं चुनाव मैदान में नहीं थे, लेकिन उनके प्रभाव का असर उस सीट पर दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं वहां प्रचार करने गए थे और भाजपा के पक्ष में अच्छा माहौल भी था, लेकिन कुछ सीटों पर स्थानीय और व्यक्तिगत समीकरण चुनाव परिणाम बदल देते हैं।
रेवती रेंज में फिर बनेगा हरियाली का नया अभियान
राजनीतिक बयानबाजी के साथ विजयवर्गीय ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को रेवती रेंज में एक दिन में एक लाख पौधे लगाने का अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पहले इसी रेवती रेंज में 12 लाख से अधिक पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार भी बड़ी संख्या में लोग अभियान से जुड़ेंगे और हरियाली बढ़ाने का संदेश देंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
