पंजाब चुनाव से पहले आप में खलबली : अमृतसर नार्थ से विधायक ने दिया इस्तीफा, सरकार की कार्यप्रणाली पर किया वार

नई दिल्ली। पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव होना। समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे ही आम आदमी पार्टी की मुश्किलों में भी इजाफा होता रहा है। पार्टी के विधायक लगातार इस्तीफा दे रहे हैं। इसी क्रम में अमृतसर नार्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप ने विधानसभा की सदस्तया से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि वे नेतृत्व से लंबे समय से नाराज चल रहे थे। कुंवर विजय प्रताप ने अपने इस्तीफे के साथ ही पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली और राज्य के मौजूदा हालात पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
एक्स पोस्ट के जरिए जनता को बताया इस्तीफे का फैसला
कुंवर विजय प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर अमृतसर की जनता को अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उन्होंने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने अमृतसर के लोगों द्वारा दिए गए प्यार और सम्मान के लिए आभार जताया।
उन्होंने पंजाब के मौजूदा हालात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य आज नशे, जबरन वसूली, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के जाल में फंसा हुआ है। पंजाब को दोबारा प्रगतिशील और खुशहाल राज्य बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल छोटे-मोटे मुद्दों और उद्घाटन समारोहों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
बोले- विधायक के तौर पर 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे किए
अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कुंवर विजय प्रताप ने दावा किया कि उन्होंने विधायक के रूप में अपने करीब 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि राजनीति में श्माई-बाप संस्कृतिश् को खत्म करना और जनता को अपनी प्रेरणा मानकर काम करना रही है।
पार्टी से पहले ही हो चुके थे निलंबित
कुंवर विजय प्रताप सिंह को जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से पार्टी नेतृत्व के रवैये से असंतुष्ट थे। अब विधानसभा की सदस्यता छोड़ने के उनके फैसले को पार्टी के लिए एक और बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।
पटियाला के दो विधायकों के इस्तीफे से पहले ही बढ़ी थी हलचल
गौरतलब है कि इससे पहले पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी इस्तीफा दे दिया था। अब कुंवर विजय प्रताप के इस्तीफे ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
