बुधवार, 13 मई 202612:07:31 PM
Download App
Home/देश

पुडुचेरी में नई सरकार का गठन : एन. रंगासामी को फिर मिली सीएम पद की कमान, राज्यपाल ने दो मंत्रियों को भी दिलाई गोपनीयता की शपथ

admin

admin

May 13, 2026
06:49 AM
एन. रंगासामी को फिर मिली सीएम पद की कमान, राज्यपाल ने दो मंत्रियों को भी दिलाई गोपनीयता की शपथ

पुडुचेरी। पुडुचेरी में नई सरकार ने आकार ले लिया हे। एक बार फिर अनुभवी नेता एन. रंगासामी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। बुधवार को राजनिवास में आयोजित भव्य समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रंगासामी के साथ एनडीए गठबंधन के दो अन्य प्रमुख नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसमें क्षेत्रीय पार्टी से मल्लाडी कृष्ण राव और भारतीय जनता पार्टी के ए नमस्सिवयम शामिल हैं।

रंगासामी लगातार पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने हैं, जिससे उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और जनता के भरोसे की झलक साफ दिखाई देती है। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन के वरिष्ठ नेता बीएल संतोष प्रमुख रहे।

एनडीए ने लगातार दूसरी बार बनाई सरकार

हाल ही में संपन्न हुए पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में एनडीए गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता पर लगातार दूसरी बार कब्जा जमाया। 30 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 17 सीटें हासिल हुईं। ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 12 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की, जबकि भाजपा ने भी गठबंधन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

वहीं विपक्ष की बात करें तो कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को कुल 6 सीटें मिलीं। कांग्रेस को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा, जबकि डीएमके ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की। अभिनेता जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले टीवीके-नेयम मक्कल कझगम गठबंधन ने भी तीन सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इसके अलावा तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

विकास और जनकल्याण पर रहेगा फोकस

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने कहा कि पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार राज्य के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। रंगासामी ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, नई योजनाएं लागू करने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और बाकी मंत्री भी शपथ लेंगे।

अनुभवी नेतृत्व पर फिर जताया भरोसा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एन. रंगासामी की सादगी, प्रशासनिक अनुभव और जनता के बीच मजबूत पकड़ ने उन्हें एक बार फिर सत्ता तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार से पुडुचेरी के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें