शनिवार, 11 जुलाई 202606:09:09 PM
Download App
Home/देश

दतिया उपचुनावः : बेटिकट हुए नरोत्तम के समर्थकों ने रातभर जमकर काटा बवाल, पथराव में अधिकारी-पुलिस जवान घायल, उपद्रवियों पर एक्शन शुरू

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 11, 2026
06:35 AM
बेटिकट हुए नरोत्तम के समर्थकों ने रातभर जमकर काटा बवाल, पथराव में अधिकारी-पुलिस जवान घायल, उपद्रवियों पर एक्शन शुरू

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है। उम्मीदवार की घोषणा से पहले नामांकन फार्म खरीद चुके पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों ने जमकर बवाल काटा है। नरोत्तम के समर्थकों का विरोध प्रदर्शन इतना हिंसक था की सुरक्षाबलों को भी नहीं बख्शा। प्रदर्शन के दौरान जमकर पथराव किया है। इसमें कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस के कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। प्रशासन ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।

12 घंटे तक बाधित रहा यातायात

जिलाधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने करीब 12 घंटे तक चक्का जाम कर रखा था। प्रशासन ने पहले उन्हें समझाने और शांतिपूर्वक हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिसके बाद धीरे-धीरे सड़क से जाम हटाया जा सका। उन्होंने कहा कि पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में डीएसपी, एसडीओपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

बाजार बंद कराने की कोशिश नाकाम

प्रदर्शनकारियों ने पहले ही बाजार बंद का आह्वान किया था, लेकिन अधिकांश व्यापारियों ने इसका समर्थन नहीं किया। इसे देखते हुए प्रशासन ने बाजारों में भारी पुलिस बल तैनात किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी को भी जबरन दुकानें बंद कराने या आम नागरिकों को परेशान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा किसे टिकट दिया जाए, यह पूरी तरह उसका आंतरिक विषय है। लेकिन इस कारण आम जनता को परेशान करना या कानून व्यवस्था बिगाड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

16 कंपनियां सीआरपीएफ की तैनात, प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सीआरपीएफ की 16 कंपनियां उपलब्ध कराई गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने साफ किया है कि आचार संहिता के दौरान शांति भंग करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर रही है और गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें