एसएडी नेता सुखबीर बादल पर हमला, : नांदेड़ में गुरुद्वारे के पास निहंग ने कृपाण से किया वार, हाथ और शरीर में आई चोट, अस्पताल में भर्ती

नांदेड़। शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला हो गया है। एसएडी नेता पर गुरुवार सुबह एक गुरुद्वारे में निहंग ने हमला किया। घटना तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर स्थित माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक निहंग ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला करने की कोशिश की। हमले में उनके हाथ और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में भी चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए नांदेड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
सुबह करीब 11 बजे हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। सुखबीर बादल तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में परिवार के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान माता साहिब गुरुद्वारे के पास एक व्यक्ति ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हुए हैं। सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हमलावर को काबू में कर लिया और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
हमले की वजह तलाश रही पुलिस
महाराष्ट्र पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी हमले के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा का पता लगाने में जुटे हैं। घटना के बाद तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों की निगरानी में घटनास्थल की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी परिसर में किस तरह पहुंचा और क्या वह पहले से किसी योजना के तहत वहां आया था।
हमले से पहले परिवार के साथ की थी अरदास
हमले से कुछ समय पहले ही सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में परिवार के साथ माथा टेकने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने सभी की भलाई के लिए अरदास करने की बात कही थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में गुरु साहिब से पूरी दुनिया पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की थी। इसके कुछ ही समय बाद उन पर हमला हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। फिलहाल सुखबीर बादल के स्वास्थ्य और घायल सुरक्षा अधिकारी की स्थिति को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
