शनिवार, 7 नवंबर 202603:53:48 PM
Download App
Home/देश

जबलपुर में भीषण अग्निकांड : 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक, दीपावली से पहले गरीब परिवारों की छिनी खुशियां, जमा पूंजी और सामान हुआ राख

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 07, 2026
09:36 AM
50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक, दीपावली से पहले गरीब परिवारों की छिनी खुशियां, जमा पूंजी और सामान हुआ राख

जबलपुर। कल यानि रविवार को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। लोग अपने घरों को रोशन करने और खुशियां मनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इन सबके बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक ऐसी भीषण अग्निकांड की खबर सामने आई है, जिसने गरीब परिवारों की खुशियां छीन ली है। यहां के गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में शनिवार तड़के लगी भीषण आग से 50 से ज्यादा घरों को जलाकर राख कर दिया है। इस हादसे में कई परिवार बेघर हो गए और उनकी जिंदगी भर की जमा-पूंजी, कपड़े, अनाज और घर का जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

तड़के 2 बजे लगी आग, देखते ही देखते फैली लपटें

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 2 बजे गोहलपुर थाना क्षेत्र के लेमा गार्डन के पास स्थित गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला।

8 से 9 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और दमकल विभाग सक्रिय हो गए। मौके पर कई दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर भेजे गए। करीब 8 से 9 दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों, दमकल विभाग की टीमों और बिजली विभाग के अधिकारियों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गईं।

फायर फाइटर ओम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल गाड़ियों और पानी के टैंकरों को रवाना कर आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

40 से 50 परिवारों के प्रभावित होने का अनुमान

डीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, बस्ती में 40 से 50 परिवार रहते थे। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही जली हुई झुग्गियों और नुकसान का सही आंकड़ा सामने आ सकेगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें