सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित बुक आई बाजार में : पीएम मोदी का भी किताब में जिक्र, कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर साधा निशाना

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया की गांधी अपनी नई संस्मरण पुस्तक बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी किताब में कई बड़े-बड़े दावे किए गए हैं। सोनिया गांधी ने बुक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी जिक्र किया है। उन्होंने किताब में पीएम की तारीफ की है। वहीं कुछ मौको पर आलोचना भी की है। उन्होंने दावा किया है कि पीएम मोदी जब भी हमारे सामने आते हैं तो वे नजरें नहीं मिलाते। सोनिया ने किताब में यह भी लिखा है कि दोनों भारत के अलग-अलग विचारों और राजनीतिक दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सोनिया गांधी ने अपनी बुक में इमरजेंसी का भी जिक्र किया है.
बता दें कि हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित सोनिया गांधी की यह बहुप्रतीक्षित पुस्तक मंगलवार को बाजार में आई। सोनिया गांधी ने लिखा है कि पीएम मोदी भारत के अपने विजन के लिए लड़ रहे थे और मैं अपने। जो न सिर्फ वर्चस्व के खिलाफ हो बल्कि ऐसा भारत जो समावेश, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के लिए खड़ा हो और उसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं था. उन्होंने आगे लिखा कि मेरा उनसे आज तक कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है.
संसद में मुलाकात होती है, लेकिन बातचीत सिर्फ औपचारिक
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि संसद के प्रत्येक सत्र के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है। उन्होंने कहा कि पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच शिष्टाचार और सौहार्द का माहौल रहता था, लेकिन अब राजनीतिक संबंधों में वह सहजता दिखाई नहीं देती। सोनिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री आमने-सामने होने पर नजरें फेर लेते हैं और आंखों से संपर्क बनाने से बचते हैं।
अस्पताल से लौटने पर पीएम मोदी ने पूछा था हालचाल
किताब में सोनिया गांधी ने एक दिलचस्प प्रसंग का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि जब वह अस्पताल में इलाज कराने के बाद लौटी थीं, तब प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे पूछा था, ठीक हैं आप? इस पर उन्होंने जवाब दिया, जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया। सोनिया के अनुसार, इस तरह की छोटी-मोटी बातचीत के अलावा दोनों के बीच कभी कोई सार्थक संवाद नहीं हुआ। हालांकि, जन्मदिन और नए साल पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान जरूर होता रहा है।
मोदी और मेरे भारत की कल्पना बिल्कुल अलग
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और अपने विचारों के बीच वैचारिक अंतर को भी विस्तार से समझाया है। उन्होंने लिखा कि उनका भारत का विचार परिवार के अनुभवों, सेवा और सामाजिक जीवन से विकसित हुआ है। वह ऐसे भारत में विश्वास करती हैं, जहां सभी जातियों, धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोगों को समान अधिकार और सम्मान मिले।
वहीं, सोनिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी की भारत संबंधी सोच आरएसएस के विचारों और उनके जीवन के अनुभवों से प्रभावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विचारधारा में एक धर्म और संस्कृति को दूसरे से ऊपर रखने तथा सामाजिक पदानुक्रम को महत्व दिया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच मतभेद व्यक्तिगत नहीं, बल्कि भारत के भविष्य और उसकी मूल पहचान को लेकर हैं। सोनिया ने समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय को अपने भारत के विचार का आधार बताया।
पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा पर भी उठाए सवाल
सोनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए लिखा कि उनका राजनीति में आने का रास्ता उनसे बिल्कुल अलग रहा है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि मोदी की शुरुआती परिस्थितियां शायद उतनी साधारण नहीं थीं, जितनी उनकी प्रचार टीम ने पेश की हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि वंचित पृष्ठभूमि से निकलकर मोदी ने आरएसएस के भीतर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।
संसद में नेहरू और कांग्रेस को निशाना बनाने का आरोप
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय भाषणों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कई बार संसद में चुनावी रैलियों जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं। उन्होंने भाजपा और संघ परिवार पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि नेहरू ने भारत को लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर भी साधा निशाना
सोनिया गांधी ने भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इसे कांग्रेस की विचारधारा और उसकी राजनीतिक विरासत को समाप्त करने की कोशिश बताया। इसके साथ ही महात्मा गांधी से मिली अहिंसा की सीख, धार्मिक सहिष्णुता और भारतीय समाज में समानता के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए।
कुल मिलाकर, सोनिया गांधी की इस किताब में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों की झलक देखने को मिलती है। उनके इन खुलासों के बाद पुस्तक के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनने की संभावना है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
