बुधवार, 22 जुलाई 202609:57:53 PM
Download App
Home/देश

सीएम मोहन की मेहनत लाई रंग : मप्र में पारस डिफेंस करेगी 6200 करोड़ का निवेश, सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 22, 2026
07:03 AM
मप्र में पारस डिफेंस करेगी 6200 करोड़ का निवेश, सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है। रक्षा एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने प्रदेश में सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित करने में रुचि दिखाई है। कंपनी शुरुआती चरण में करीब 6200 करोड़ रुपए का निवेश करने की तैयारी में है। प्रस्तावित परियोजना से 2500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। कंपनी ने परियोजना के लिए जमीन का प्रारंभिक चयन भी कर लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और मेसर्स पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर उसका आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर मंजुल शरद शाह और उनके सहयोगियों से मुलाकात की तथा निवेशकों का सम्मान भी किया।

निवेशकों से बोले मुख्यमंत्री- खुले मन से करें निवेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि वे मध्यप्रदेश में खुले मन से निवेश करें। प्रदेश सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और उद्योगों की स्थापना एवं विस्तार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर है। कंपनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मध्यप्रदेश में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर परियोजना के लिए प्रारंभिक तौर पर करीब 6200 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। इससे प्रदेश में सेमीकंडक्टर एवं उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। परियोजना के आकार लेने के बाद राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी में जमीन का प्रारंभिक चयन

एमपीआईडीसी के प्रबंध निदेशक एकेवीएन शुक्ला ने बताया कि कंपनी बिजनेस एक्सटेंशन के तहत मध्यप्रदेश में विश्वस्तरीय ओएसएटी (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) इकाई स्थापित करने की योजना बना रही है। इस परियोजना के लिए कंपनी को लगभग 50 एकड़ जमीन की जरूरत है। इसी दिशा में एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय, उज्जैन ने कंपनी के प्रतिनिधियों को डीएमआईसी विक्रम उद्योगपुरी लिमिटेड के फेज-2 में करीब 40 एकड़ उपयुक्त भूमि दिखाई। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्तावित भूमि का मौके पर निरीक्षण भी किया है। प्रारंभिक तौर पर इस भूमि को परियोजना की स्थापना के लिए उपयुक्त मानते हुए चयनित किया गया है। अब कंपनी जल्द ही भूमि आवंटन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकती है।

सेमीकंडक्टर पॉलिसी ने खींचा कंपनी का ध्यान

प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज को मध्यप्रदेश की सेमीकंडक्टर पॉलिसी काफी पसंद आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की निवेश नीतियां और औद्योगिक सुविधाएं हाईटेक कंपनियों को आकर्षित कर रही हैं।

पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज भारत की प्रमुख रक्षा एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल है। कंपनी रक्षा, अंतरिक्ष और एयरोस्पेस क्षेत्रों के लिए स्वदेशी तकनीक और उच्चस्तरीय इंजीनियरिंग समाधान विकसित करती है। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हैं। रक्षा एवं उच्च परिशुद्धता विनिर्माण के क्षेत्र में कंपनी को 40 वर्षों से अधिक का अनुभव है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें