बुधवार, 1 जुलाई 202607:06:07 PM
Download App
Home/देश

जुलाई के पहले दिन राहत फुहार : पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता, नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को दी बड़ी राहत, नई दरे लागू

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 01, 2026
05:44 AM
पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता, नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को दी बड़ी राहत, नई दरे लागू

नई दिल्ली। देशभर में वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर आई है। निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर दी है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से कंपनी के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं। पिछले दो वर्षों से अधिक समय में यह पहला मौका है, जब किसी ईंधन रिटेलर ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए हैं।

रूस की रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी हाल ही में भारत में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों का नेटवर्क खड़ा कर देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर बन गई है। कंपनी ने अपने पूरे नेटवर्क पर कीमतों में कटौती का फैसला लागू किया है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में स्थानीय वैट और अन्य करों के कारण अंतिम कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।

सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले दाम

जहां नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को राहत दी है, वहीं सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल अपने दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों पर कीमतें पहले जैसी ही बनी हुई हैं। राजधानी दिल्ली में इंडियन ऑयल के आउटलेट पर पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का मिला फायदा

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। इससे कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति सामान्य होने लगी है और कंपनियों की लागत पर दबाव कम हुआ है। इसी का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाते हुए नायरा एनर्जी ने ईंधन सस्ता करने का फैसला लिया है।

पहले जितनी बढ़ोतरी, अब उतनी ही कटौती

गौरतलब है कि इसी वर्ष 26 मार्च को कंपनी ने वैश्विक तेल संकट और बढ़ती लागत का हवाला देते हुए पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात सुधरने के बाद कंपनी ने उतनी ही कटौती कर ग्राहकों को राहत दी है। माना जा रहा है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले समय में अन्य कंपनियां भी ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर सकती हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें