सीमाएं तोड़कर खोले संभावनाओं के द्वार : आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह से पीएम ने युवाओं को दिया संदेश

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के 75 वर्षों के गौरवशाली सफर को याद करते हुए युवाओं को नवाचार, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। पीएम ने कहा कि राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। भारत ने पिछले कुछ वर्षों में ऐसा करके दिखाया है और अब देश के सामने संभावनाओं के नए द्वार खोलने का अवसर है।
75 साल में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक का सफर देखा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी स्थापना के 75 वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इन वर्षों में भारत ने बैलगाड़ियों से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से लेकर सोशल मीडिया संदेशों तक का बदलाव देखा है। परिवर्तन के हर दौर में देश के पहले आईआईटी के रूप में आईआईटी खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि संस्थान का योगदान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने देश के तकनीकी विकास और नवाचार को भी नई दिशा दी है।
पीएम ने बंगाल की ऐतिहासिक धरती का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने बंगाल की ऐतिहासिक धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह भूमि है, जहां से विचारों को शक्ति मिली और राष्ट्रीय आंदोलन को नई दिशा मिली। आईआईटी खड़गपुर उसी स्थान पर स्थापित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था।
उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए कि उस समय यहां रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी दिनभर देश की आजादी और भविष्य को लेकर क्या सोचते होंगे। उनकी जिंदगी और गतिविधियों की प्रेरणा आज भी इस परिसर में महसूस की जा सकती है।
तब आजादी का सपना था, आज आत्मनिर्भर भारत बनाने का अवसर
पीएम मोदी ने कहा कि दशकों पहले इसी स्थान ने उन भारतीयों का अदम्य साहस और उत्साह देखा था, जो भारत को बुलंदियों पर पहुंचाना चाहते थे। आज उसी धरती पर आईआईटी के युवा अपने इनोवेशन और नए विचारों के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि तब आजादी का सपना था और आज भविष्य बनाने का अवसर है। आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है।
विकसित भारत में आईआईटी निभाएगा अहम भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्षों का अनुभव और योगदान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्हें विश्वास है कि संस्थान के युवा आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी देश का सामर्थ्य इस बात से तय होता है कि वह कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस रखता है। भारत ने दुनिया को दिखाया है कि सीमाओं को तोड़कर ही संभावनाओं के नए रास्ते खोले जा सकते हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
