मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा : राहुल पर पीएम मोदी का तीखा कटाक्ष, कहा- 28 साल के युवाओं ने अंतरिक्ष में गाड़ा भारत का झंटा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का सोमवार से आगाज हो गया है। सदन की कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद परिसर के बाहर मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां देश की हालिया उपलब्धियों का जिक्र किया, वहीं विपक्ष पर भी जोरदार हमला बोला। उनके निशाने पर खासकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रहें। पीएम ने राहुल का नाम न लेते हुए 56 साल का नौजवान कहकर तीखा कटाक्ष किया।
संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अंतरिक्ष के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह सक्रिय मानसून देश के लिए लाभदायक होता है, उसी तरह सक्रिय और सकारात्मक संसद भी राष्ट्रहित में काम करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मानसून सत्र जनहित और विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगा।
मैं 56 साल के नौजवान की नहीं, 28 साल के युवाओं की बात कर रहा हूं
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि हाल ही में एक भारतीय निजी स्टार्टअप ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि स्काईरूट स्टार्टअप में काम करने वाले युवाओं की औसत उम्र महज 28 वर्ष है और उन्होंने अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराया है।
पीएम ने कहा, मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि 28 साल की औसत उम्र वाले उन युवाओं की बात कर रहा हूं, जिन्होंने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरकर देश का नाम रोशन किया है।ष् उन्होंने इस उपलब्धि को भारत के युवाओं की प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
रिफॉर्म की रफ्तार से आगे बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में सुधारों की तेज गति का ही परिणाम है कि युवा नवाचार और विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहे हैं। उन्होंने हाल ही में राजस्थान में समर्पित ऑयल रिफाइनरी, तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट और ग्रीन हाइड्रोजन से संचालित ट्रेन जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये भारत के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और उद्यमियों की मेहनत का परिणाम हैं।
युद्ध के बीच भी भारत की तेज आर्थिक रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी, उर्वरक और रसायनों के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर चुनौतियां पैदा हुईं। इसके बावजूद भारत ने 7.7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर के साथ दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि यह भारत की आर्थिक मजबूती, नीति-निर्माण और देशवासियों के सामर्थ्य का प्रमाण है तथा आने वाले समय में भारत नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ता रहेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
