राज्यसभा चुनाव : एमपी की तीन सीटों पर सियासी संग्राम तेज, भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों में बढ़ी हलचल

भोपाल। दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों को लेकर चुनाव होना है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को इन सभी सीटों पर चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। एक जून से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 18 जून को मतदान होगा। इसमें मध्य प्रदेश की भी तीन सीटें भी शामिल हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी की सीट शामिल है। चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है।
मौजूदा संख्या बल के हिसाब से भाजपा दो सीटें और कांग्रेस एक सीट जीतने की स्थिति में दिखाई दे रही है। हालांकि भाजपा तीनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचैरी, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, विनोद गोटिया, अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत और नरोत्तम मिश्रा को संभावित दावेदार माना जा रहा है। पार्टी युवा चेहरों या किसी साधु-संत को भी मौका दे सकती है।
कांग्रेस में भी बढ़ी हलचल
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने तीसरी बार राज्यसभा जाने से इनकार कर सियासी चर्चा को और तेज कर दिया है। इसके बाद कांग्रेस में कई नेता सक्रिय हो गए हैं। पूर्व सांसद नकुलनाथ, कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, मीनाक्षी नटराजन और प्रदीप अहिरवार जैसे नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। पार्टी युवा और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवार तय कर सकती है।
1 जून से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 8 जून तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
विधानसभा गणित से तय होगी तस्वीर
मध्य प्रदेश विधानसभा में इस समय भाजपा के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं। इसी गणित के आधार पर माना जा रहा है कि भाजपा आसानी से दो उम्मीदवारों को राज्यसभा भेज सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में एक सीट जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों दलों में अंदरूनी चर्चा तेज हो गई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
