2029 तक नशामुक्त होगा पंजाब : अमित शाह ने दोहराया संकल्प, आप सरकार को लिया निशाने पर, प्रभावित परिवारों का जिक्र

जालंधर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां पंजाब को नशे के कारोबार से मुक्त कराने का संकल्प दोहराया। वहीं आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि राज्य में नशे की समस्या गंभीर है और इसके खिलाफ निर्णायक अभियान चलाने की जरूरत है।
13 दिन, 4 हजार किलोमीटर का सफर
अमित शाह ने कहा कि पंजाब देश के लिए कृषि और सुरक्षा, दोनों क्षेत्रों में अहम योगदान देता रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों ने देश की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाई है, जबकि राज्य के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा में बलिदान दिए हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा पठानकोट से शुरू की गई यात्रा 13 दिनों में करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय कर 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी और जालंधर में इसका समापन हुआ।
आप सरकार पर लगाया नशे के कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप
शाह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान पंजाब में ‘चिट्टे’ का कारोबार खुलेआम चल रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नशामुक्त पंजाब के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने किसानों, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को भी राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दे बताया।
2029 तक पंजाब को चिट्टामुक्त करने का दावा
जनसभा में अमित शाह ने पंजाब की माताओं और युवाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि उनकी पार्टी को सत्ता मिलती है तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आतंकवाद और नक्सलवाद समेत विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों के खिलाफ कार्रवाई की है और अब पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही।
नशे से प्रभावित परिवारों का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने नशे की वजह से अपनों को खोने वाले कुछ परिवारों से मुलाकात की है। उन्होंने नशे के कारण युवाओं की मौत पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समस्या से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को समझने की जरूरत है।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा का यह अभियान राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि पंजाब को नशे से बचाने का अभियान है।
दूसरे राज्यों में सप्लाई रोकने का भी दावा
गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में नशे की बिक्री रोकने के साथ-साथ दूसरे राज्यों तक इसकी सप्लाई पर भी कार्रवाई करेगी। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने पर नशे के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
