शुक्रवार, 21 अगस्त 202610:45:20 PM
Download App
Home/देश

जंतर-मंतर पैलेट गन कांडः : जांच की जानकारी लेने थाने पहुंचे राहुल, पीड़ित छात्र के साथ बैठे धरने पर, पुलिस बोली- मामला क्राइम ब्रांच के पास

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 21, 2026
08:23 AM
जांच की जानकारी लेने थाने पहुंचे राहुल, पीड़ित छात्र के साथ बैठे धरने पर, पुलिस बोली- मामला क्राइम ब्रांच के पास

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रकवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे। वे जंतर-मंतर पर पदर्शन के दौरान छात्रों पर कथित पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच की जानकारी लेने थाने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पैलेट गन से घायल छात्र और उसका परिवार भी था। राहुल ने डीसीपी आॅफिस पहुंचकर मामले में अब तक हुई कार्रवाई और जांच की स्थिति पर जवाब मांगा। इसके बाद राहुल गांधी पुलिस स्टेशन के बाहर पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। जहां कई कांग्रेस नेता भी पहुंच गए.जिनमें प्रियंका गांधी और जयराम रमेश भी शामिल हैं।

राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से यह जानने की कोशिश की कि छात्रों पर कथित पैलेट फायरिंग की घटना की जांच किस स्तर तक पहुंची है और अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। डीसीपी कार्यालय में नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा के साथ जॉइंट सीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कथित पैलेट गन फायरिंग के मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की स्थिति को लेकर सवाल उठाए।

डीसीपी कार्यालय से बाहर आने के बाद राहुल गांधी सीधे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी और लोग जमा हो गए।

पुलिस का दावा- शिकायत मिली, जांच क्राइम ब्रांच के पास

पुलिस की ओर से कहा गया कि शिकायतकर्ता की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन राहुल गांधी स्वयं इस मामले में शिकायतकर्ता नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि 20 जुलाई को दर्ज किए गए सभी संबंधित मामलों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता को जांच एजेंसी के बारे में जानकारी दे दी गई है। राहुल गांधी की ओर से दी गई शिकायत को भी आगे की कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच को भेजे जाने की बात कही गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर सरकार पर दबाव

राहुल गांधी का थाने पहुंचना इस पूरे मामले में विपक्ष के दबाव की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने पीड़ित छात्र और उसके परिवार के साथ खड़े होकर यह सवाल उठाया कि अगर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ और छात्र घायल हुआ, तो जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई कहां तक पहुंची।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच के पास होने की बात कही है। वहीं, राहुल गांधी के धरने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्राइम ब्रांच की जांच में क्या सामने आता है और कथित पैलेट फायरिंग के लिए जिम्मेदारी तय करने की दिशा में पुलिस क्या कदम उठाती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें