गंभीरता से सुना जाना चाहिए छात्रों की मांगों को : रांची आंदोलन में राहुल की एंट्री, सीएम सोरेन को खत लिख दी यह सलाह

नई दिल्ली। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन बीते 29 जुलाई से जारी है। भारी बारिश के बीच भी छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा ग्राउंड पर डंटे हुए हैं। छात्रों की भूख हड़ताल पर सियासत पर भी जमकर हो रही है। विपक्ष को तेवर को देखते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक्शन मोड में आ गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों से मिलने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी है।
शांतिपूर्ण आंदोलन को लोकतंत्र का अधिकार बताया
राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं का भी समर्थन किया। राहुल गांधी के मुताबिक, छात्रों का विरोध शांतिपूर्ण है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

भाजपा और आरएसएस पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने पत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि शिक्षा व्यवस्था पर इनका नियंत्रण बढ़ गया है। इसी संदर्भ में उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ देशभर में युवाओं की ओर से उठाई जा रही आवाज का जिक्र किया।
सरकार की समिति की पहल की सराहना
राहुल गांधी ने झारखंड सरकार की ओर से मामले पर समिति गठित कर छात्रों से बातचीत शुरू करने की पहल की सराहना भी की। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इससे एक कदम आगे बढ़कर आंदोलन कर रहे छात्रों से स्वयं मिलने की अपील की। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से छात्रों की चिंताओं को समझने और सरकार की ओर से समाधान के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत करने में मदद मिलेगी।
‘युवा ही देश का भविष्य’
राहुल गांधी ने अपने पत्र में युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए छात्रों के प्रति एकजुटता जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की बात गंभीरता से सुनी जाए और उनकी मांगों के समाधान की दिशा में हरसंभव कदम उठाया जाए। जेपीएससी विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। ऐसे में राहुल गांधी के सीधे हस्तक्षेप से यह मुद्दा अब झारखंड की सियासत में और अधिक चर्चा का केंद्र बन गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
