बड़ी मछलियों को भी करो अरेस्ट : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राउत का सरकार और एजेंसियों पर तीखा हमला, पढ़ें खबर

मुंबई। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे लोगों को बचाया जा रहा है। राउत ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष है तो चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय सहित उन सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, जिन पर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने जमीन खरीदकर ट्रस्ट को बेची और इस पूरे लेन-देन में भूमिका निभाई, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अयोध्या के मेयर पर भी कार्रवाई की मांग की।
राम द्रोह और देशद्रोह बताया मामला
संजय राउत ने आरोप लगाया कि राम मंदिर जैसे राष्ट्रीय आस्था के प्रतीक को लूटने का काम किया गया है। उन्होंने इसे भगवान राम के खिलाफ सबसे बड़ा राम द्रोह और देश के खिलाफ गंभीर अपराध बताया। उनका कहना था कि यदि ऐसा मामला किसी अन्य संस्था से जुड़ा होता, तो भारतीय जनता पार्टी इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना देती।
एसआईटी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
राउत ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि देश के सामने पूरी सच्चाई आ सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट में कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए कोई नई समिति बनाई जाती है तो उसमें सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए, जिससे जांच निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।
आंदोलन की चेतावनी
शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने कहा कि राम मंदिर केवल किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाने की मांग दोहराई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
