गुरुवार, 19 नवंबर 202607:31:19 PM
Download App
Home/देश

देश विरोधी सोच और विदेशी ताकते उकसाती हैं राहुल को : विदेश में भारत की छवि खराब करने पर भड़के रिजीजू, कहा- अर्थव्यवस्था को मृत बताना बंद करें

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 19, 2026
08:17 AM
विदेश में भारत की छवि खराब करने पर भड़के रिजीजू, कहा- अर्थव्यवस्था को मृत बताना बंद करें

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरों के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर दिए गए बयानों पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी देशविरोधी सोच और विदेशी ताकतें उन्हें भारत की छवि खराब करने के लिए उकसाती हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि वे विदेशों में भारत के बारे में बयान देते समय तथ्यों का ध्यान रखें।

भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद होने की बात कहना गलत

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान रिजिजू ने कहा कि सरकार आमतौर पर राहुल गांधी के बयानों को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहती, लेकिन जब देश का विपक्षी नेता विदेश जाकर भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद बताता है, तो इसका विरोध करना जरूरी हो जाता है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक और दुनिया की दूसरी वित्तीय संस्थाएं भारत को तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताती हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी विदेशों में जाकर कहते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था खत्म हो चुकी है। आखिर उन्हें यह बात कौन समझाएगा?

खुद अपनी पार्टी और विपक्ष को नुकसान पहुंचा रहे राहुल

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने बयानों से खुद को, अपनी पार्टी और पूरे विपक्ष को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी सच्चा भारतीय नहीं चाहेगा कि विदेश में जाकर कोई देश की छवि खराब करे।

राहुल गांधी के लोकतंत्र और वोट चोरी से जुड़े आरोपों पर पलटवार करते हुए रिजिजू ने सवाल किया कि अगर भारत में लोकतंत्र नहीं है तो राहुल गांधी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कैसे करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कैसे करते हैं? उन्होंने राहुल के अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए।

गरीबी कम होने के आंकड़ों का दिया हवाला

रिजिजू ने आईएमएफ के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि 2011 से 2023 के बीच भारत में 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश गरीबी कम करने और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक श्गरीबी हटाओश् का नारा देकर चुनाव लड़े, लेकिन गरीबी कम करने के मामले में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बड़ी प्रगति हुई है।

राहुल गांधी को दी दो सलाह

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को दो सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भारत में मिलने वाली लोकतांत्रिक आजादी पर सवाल उठाने से पहले अपने बयानों पर विचार करना चाहिए। साथ ही विदेशों में भारत की अर्थव्यवस्था को मृत बताना बंद करना चाहिए।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों से भारत की सभ्यता, परंपराओं, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विदेशी भारत-विरोधी ताकतें राहुल गांधी को ऐसे बयान देने के लिए उकसा सकती हैं। हालांकि, यह उनका राजनीतिक आरोप है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें