विपक्ष पर काउंटर अटैक के लिए तैयार शाह : बोले- सवाल लिखकर दें, दूंगा हर सवाल का जवाब, राहुल ने घेरा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन गुरुवार को विपक्ष और सरकार के बीच टकराव जारी है। नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष लगातार केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है। विपक्ष की इस चुनौती को शाह ने स्वीकार भी कर लिया है। अमित शाह ने चैलेंज देते हुए कहा कि विपक्ष अपने सभी सवाल लिखकर दे। सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
अमित शाह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “सरकार हर चीज पर चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष संसद को चलने दे। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह दोपहर 2 बजे तक स्पीकर को चर्चा के लिए पत्र दे. इसके बाद सरकार आज दोपहर 3 बजे से रात तक और कल दोपहर 3 बजे तक भी चर्चा के लिए तैयार है. अमित शाह ने कहा कि वह खुद इस चर्चा में शामिल होंगे। शाह ने यह भी बताया कि सत्र शुरू होने के बाद से वह लगातार संसद आ रहे हैं और अपने कार्यालय में मौजूद रहते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में सरकार क्या कर सकती है।
‘जनता तय करे, चर्चा से कौन भाग रहा’
अमित शाह ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार नीट परीक्षा से जुड़े विरोध और अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की शुरुआती मांग ही चर्चा की थी और सरकार ने उसे स्वीकार कर लिया था। गृह मंत्री ने कहा कि वह संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं होने देना चाहता। उन्होंने कहा कि अब जनता खुद तय करे कि चर्चा से भाग कौन रहा है।
शाह ने विपक्ष से लोकसभा अध्यक्ष को पत्र देने को कहा और दावा किया कि सरकार गुरुवार दोपहर तीन बजे से शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वह सदन में बैठकर सभी सदस्यों की बात सुनेंगे और हर सवाल का जवाब देंगे। सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
राहुल गांधी ने शाह पर किया पलटवार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शाह के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अमित शाह का भाषण सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। राहुल ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि छात्रों पर गोली चलाने और उन्हें कीलों वाली लाठियों से पीटने का आदेश किसने दिया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमित शाह पिछले 20 दिनों से ‘लापता’ हैं और उनमें सदन का सामना करने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों पर कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री ने दिया था तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है, वहां भ्रष्टाचार आम बात बन गया है। वहीं, परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अपनी राय रखना सभी का अधिकार है, लेकिन सीटों की संख्या और परिसीमन का अंतिम फैसला संसद करेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
