शनिवार, 21 नवंबर 202608:45:44 PM
Download App
Home/देश

सहारनपुर पुलिस से बड़ी चूक : जज के लिए तैयार थी सलामी, ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑन, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 21, 2026
11:21 AM
जज के लिए तैयार थी सलामी, ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑन, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की एक ऐसी चूक सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। दरअसल यहां पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के स्वागत के लिए खड़ी पुलिस टुकड़ी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑन दे दिया। बताया जा रहा है कि शनिवार को ओवैसी सर्किट हाउस पहुंचे, जिस समय वह पहुंचे, उसी समय मुख्य न्यायाधीश को वहां पहुंचना था। इसी गफलत में पुलिस टुकड़ी ने ओवैसी को सलामी दे दी और ओवैसी भी वहां खड़े होकर सलामी लेते नजर आए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

वहीं घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली और वीआईपी प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नियमानुसार सांसद या विधायक होने मात्र से किसी जनप्रतिनिधि को गार्ड ऑफ ऑनर देने का प्रावधान नहीं है। ऐसे में जज के लिए तैयार पुलिस टुकड़ी ने आखिर ओवैसी को सलामी कैसे दे दी, यह जांच का विषय बन गया है।

चन्द्रशेखर के साथ ओवैसी की होनी थी मीटिंग

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर और ओवैसी की सर्किट हाउस में मीटिंग होनी थी। चन्द्रशेखर वहां एक कमरे में बैठे थे। इसके करीब 20 मिनट बाद असदुद्दीन ओवैसी भी वहां पहुंचे। ओवैसी के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। उन्हें देखकर पुलिस के जवान गलतफहमी में आ गए।

उन्होंने ओवैसी को ही वह व्यक्ति समझ लिया, जिनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दे दी। ओवैसी ने भी खड़े होकर सलामी ली। इस दौरान पुलिसकर्मी पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते नजर आए। हालांकि, यह साफ नहीं है कि पुलिसकर्मियों को अपनी गलती का पता कब चला।

लखनऊ तक पहुंचा मामला, पुलिस अधिकारियों की चुप्पी

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला सहारनपुर से निकलकर लखनऊ तक चर्चा में पहुंच गया है। पुलिस की इस कथित चूक को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस विभाग क्या सफाई देता है और क्या जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई की जाती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें