सोमवार, 23 नवंबर 202608:03:42 PM
Download App
Home/देश

आवासीय परिसरों में अवैध कारोबार पर SC का बड़ा कदम : अब जस्टिस बीवी नागरत्ना की पीठ करेगी मामले की सुनवाई, मप्र में पर भी टिकी निगाहें

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 18, 2026
07:15 AM
अब जस्टिस बीवी नागरत्ना की पीठ करेगी मामले की सुनवाई, मप्र में पर भी टिकी निगाहें

भोपाल। आवासीय परिसरों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ चल रही कार्रवाई में मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। सीजेआई सूर्यकांत ने इस मामले की सुनवाई की जिम्मेदारी अब न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली पीठ सौंप दी है। अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी। इस घटनाक्रम के बाद भोपाल की अरेरा कॉलोनी सहित प्रदेश और देश के अन्य आवासीय क्षेत्रों में अवैध निर्माण और व्यावसायिक उपयोग के मामलों पर निगाहें टिक गई हैं।

पहले दो न्यायाधीशों की पीठ कर रही थी सुनवाई

अब तक इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ कर रही थी। इस पीठ ने आवासीय क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था। यह मामला मूल रूप से चेन्नई के एक आवासीय परिसर में अवैध निर्माण और व्यावसायिक उपयोग से जुड़ा था।

भोपाल की कॉलोनियों पर भी रहेगी नजर

पीठ में बदलाव के पीछे न्यायिक कार्य आवंटन व्यवस्था के पालन को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। मुख्य न्यायाधीश ने वरिष्ठ न्यायाधीशों से परामर्श के बाद यह निर्णय लिया है। हालांकि, पहले जारी आदेशों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। बता दें कि भोपाल की अरेरा कॉलोनी सहित अन्य आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों और अनधिकृत निर्माण का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है। अब 23 नवंबर की सुनवाई में नगर निकायों की अनुपालन रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई की दिशा महत्वपूर्ण होगी।

देशभर के नगर निकायों तक पहुंचा मामला

25 मार्च 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने मामले का दायरा बढ़ाकर पूरे देश तक कर दिया था। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों के नगर निकायों को पक्षकार बनाकर विस्तृत जवाब मांगे गए थे।

इसके बाद 22 सितंबर 2026 को पीठ ने निर्देश दिया था कि केवल आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां पाए जाने पर प्रथम दृष्टया परिसर को सील किया जाए। जिन क्षेत्रों का भू-उपयोग स्पष्ट नहीं है, उनकी जांच करने के निर्देश भी दिए गए थे। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि लंबित मुकदमे या संपत्ति विवाद सीलिंग की कार्रवाई में बाधा नहीं बनेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें