बुधवार, 22 जुलाई 202609:49:31 PM
Download App
Home/देश

सियासत : कल दिखे सीजेपी के प्रदर्शन में, आज पीएम मोदी से की मुलाकात, आखिरकार शरद पवार के मन में चल क्या रहा है, चर्चाओं का बाजार गर्म

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 22, 2026
07:32 AM
कल दिखे सीजेपी के प्रदर्शन में, आज पीएम मोदी से की मुलाकात, आखिरकार शरद पवार के मन में चल क्या रहा है, चर्चाओं का बाजार गर्म

नई दिल्ली। संसद के मानूसन सत्र का आज तीसरा दिन है। लेकिन बुधवार को दिल्ली में सियासत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। एक ओर जहां विपक्ष केन्द्र सरकार के खिलाफ संसद परिसर के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी करता दिखा। तो वहीं दूसरी ओर राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। उनके साथ सुप्रिया सुले भी थीं। बता दें कि इससे पहले मंगलवार को पवार सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। लेकिन आज पीएम से मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है कि शरद पवार के मन में आखिरकार चल क्या रहा है।

शरद पवार समेत विपक्षी नेताओं ने जंतर-मंतर पहुंचकर किया CJP Protest का समर्थन

पीएमओ ने साझा की मुलाकात की जानकारी

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। पोस्ट के अनुसार, राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। सामने आई तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत करते दिखाई दिए। एक तस्वीर में प्रधानमंत्री स्वयं दरवाजे पर पहुंचकर शरद पवार का स्वागत करते नजर आए, जबकि बैठक के दौरान शरद पवार ने प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।

परिसीमन विधेयक के बीच बढ़ा मुलाकात का महत्व

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब केंद्र सरकार संसद के मौजूदा मानसून सत्र में परिसीमन विधेयक को फिर से पेश करने की तैयारी में जुटी है। माना जा रहा है कि इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार दो-तिहाई बहुमत सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में शरद पवार गुट के आठ सांसदों का समर्थन राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसी वजह से इस मुलाकात पर सभी दलों की नजरें टिकी हुई हैं और इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

एनसीपी (एसपी) पहले ही रख चुकी है अपनी शर्त

परिसीमन के मुद्दे पर शरद पवार गुट पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुका है। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि यदि केंद्र सरकार पूरे देश में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत समान वृद्धि का लिखित आश्वासन देती है, तो वह इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रिया सुले ने कहा था कि सरकार पहले अपनी मंशा लिखित रूप में स्पष्ट करे, उसके बाद पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार करेगी।

एनडीए में शामिल होने की अटकलें फिर तेज

इस मुलाकात के बाद शरद पवार गुट के भविष्य को लेकर अटकलों का दौर भी तेज हो गया है। पिछले कुछ समय से चर्चा चल रही है कि पार्टी का एक वर्ग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ जाने या किसी बड़े राजनीतिक समीकरण का हिस्सा बनने पर विचार कर सकता है।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार भाजपा का रुख फिलहाल स्पष्ट है। पार्टी चाहती है कि यदि शरद पवार गुट को औपचारिक रूप से एनडीए में शामिल होना है, तो पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के बीच मतभेद समाप्त हों और संगठनात्मक स्तर पर एकता स्थापित हो। इसके बाद ही किसी संभावित राजनीतिक साझेदारी पर आगे बढ़ने की संभावना पर विचार किया जाएगा।

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर किसी भी पक्ष ने राजनीतिक समझौते या गठबंधन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन संसद सत्र के बीच हुई इस बैठक ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर जरूर तेज कर दिया है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें