भारतीय शेयर में बाजार में तूफानी तेजी : सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग, बैंकिंग शेयरों ने संभाली मार्केट की कमान

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कारोबारी सत्र की शुरुआत होते ही सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार छलांग लगाई। सुबह 9ः17 बजे सेंसेक्स 1,385 अंक यानी 1.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,821 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 369 अंक यानी 1.46 प्रतिशत मजबूत होकर 25,719 पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में चैतरफा खरीदारी के चलते निवेशकों का उत्साह बढ़ा।
बैंकिंग शेयरों ने संभाली बाजार की कमान
शुरुआती कारोबार में तेजी का सबसे बड़ा नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। निफ्टी बैंक करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा निफ्टी आईटी, सर्विसेज, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल्टी और फार्मा इंडेक्स भी हरे निशान में रहे। हालांकि निफ्टी मेटल और निफ्टी मीडिया में कमजोरी देखने को मिली।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी
बाजार की तेजी का असर केवल बड़ी कंपनियों के शेयरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 491 अंक यानी 0.80 प्रतिशत चढ़कर 61,894 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 35 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,351 पर कारोबार करता दिखा।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, ट्रेंट, इंडिगो, टीसीएस, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, आईटीसी और मारुति सुजुकी समेत कई शेयर बढ़त में रहे। दूसरी ओर टाटा स्टील, एमएंडएम, टाइटन, पावर ग्रिड और सन फार्मा के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय बाजार पर भरोसा
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक शेयर बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े निवेश और ट्रेडिंग गतिविधियों के कारण उतार-चढ़ाव बना हुआ है। नैस्डैक में गिरावट और सुधार का असर दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा जापान जैसे बाजारों पर भी दिखाई देता है। डेरिवेटिव्स कारोबार इस उतार-चढ़ाव को और बढ़ा सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
