बुधवार, 25 नवंबर 202602:13:36 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

हॉकी के रोमांच के बीच नारी शक्ति का सम्मान : भारत-जापान मुकाबला महिलाओं को रहेगा समर्पित, मंत्री सारंग का बड़ा ऐलान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 25, 2026
10:03 AM
भारत-जापान मुकाबला महिलाओं को रहेगा समर्पित, मंत्री सारंग का बड़ा ऐलान

भोपाल। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में बुधवार को रोमांच अपने चरम पर है। लीग चरण के आखिरी दिन मैदान पर जीत के लिए टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। दिन का पहला मुकाबला मलेशिया और थाईलैंड के बीच खेला गया। जबकि शाम 4ः45 बजे चीन और कोरिया की टीमें नाथू बरखेड़ा के स्टेडियम में टकराएंगी। इसके बाद मेजबान भारत की टीम शाम 7 बजे जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। खास बात यह है कि भारत-जापान के बीच होने वाला मुकाबला महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान को समर्पित रहेगा। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने ऐलान किया है कि स्टेडियम का एक पूरा हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि इस विशेष स्टैंड में प्रदेशभर से समाजसेवा, खेल, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी बहन-बेटियां भी शामिल होंगी। इस पहल का उद्देश्य खेल के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का संदेश देना है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और आत्मविश्वासी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।

सनातन संस्कृति में नारी शक्ति सर्वोपरि

विश्वास सारंग ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में महिलाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे दर्शन में नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। मां सरस्वती ज्ञान, मां दुर्गा शक्ति और मां लक्ष्मी समृद्धि की प्रतीक हैं। भारतीय संस्कृति में इन स्वरूपों की आराधना नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मां, बहन और बेटियों का परिवार तथा समाज में विशेष स्थान है। ऐसे में महिलाओं के सम्मान और उनके योगदान को सार्वजनिक मंचों पर पहचान देना जरूरी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें