भाजपा विधायक अजीबो-गरीब बयान : महिलाओं से कर्राहे बोले- लाड़ली बहना के पैसों से खूब अंडे-मछली और मुर्गा खाओ, लेकिन वोट कमल को ही देना

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले लांजी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे ने अजीबोगरीब बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि लाड़ली बहना के पैसों से खूब अंडे-मछली और मुर्गा खाओ, लेकिन वोट कमल को ही देना। उनके इस बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
वीडियो में भाजपा विधायक महिलाओं से लाड़ली बहना योजना की राशि मिलने के बारे में पूछते दिखाई दे रहे हैं। महिलाओं के हां कहने पर उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना की राशि से खूब अंडे, मुर्गा और मछली खाओ। स्वस्थ रहो। माननीय का यह बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हैं।
मेले से लौटते समय महिलाओं से की बातचीत
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मंगलवार शाम का है। विधायक आलीटोला में रानी तिलका देवी के मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने महिलाओं और बच्चों को खाते हुए देखा तो अपनी गाड़ी रुकवाई और उनसे बातचीत करने लगे। इसी बातचीत का वीडियो अब वायरल हो रहा है।
विधायक ने सफाई में कही यह बात
बयान पर चर्चा तेज होने के बाद विधायक राजकुमार कर्राहे ने सफाई दी है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो का आखिरी हिस्सा रिकॉर्ड नहीं हो पाया। उस हिस्से में उन्होंने महिलाओं को पर्याप्त पानी पीने और शराब से दूर रहने की सलाह दी थी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
