शनिवार, 25 जुलाई 202609:30:11 PM
Download App
Home/देश

टी20 श्रृंखला : : श्रेयस अय्यर की युवा टीम की नजर सीरीज जीत पर, दूसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा को आराम, प्रभसिमरन के डेब्यू की उम्मीद

admin

admin

Jul 25, 2026
04:48 AM
श्रेयस अय्यर की युवा टीम की नजर सीरीज जीत पर, दूसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा को आराम, प्रभसिमरन के डेब्यू की उम्मीद

नई दिल्ली। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम की नजर अब श्रृंखला पर कब्जा जमाने पर है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में युवा भारतीय टीम ने शुरुआत में ही दमदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में कप्तान की कोशिश होगी कि दूसरे मुकाबले में जीत हासिल कर श्रृंखला अपने नाम की जाए और उन्हें बतौर कप्तान पहली टी20 श्रृंखला की ट्रॉफी मिले।

पहले मुकाबले में जीत के बाद भारतीय टीम प्रबंधन के सामने अब टीम के संतुलन और खिलाड़ियों के कार्यभार को सही तरीके से संभालने की चुनौती है। इसी वजह से दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की अंतिम एकादश में एक बदलाव देखने को मिल सकता है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आराम दिए जाने की संभावना है और उनकी जगह युवा बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का अवसर मिल सकता है।

अभिषेक की फिटनेस बनी चिंता, मिल सकता है आराम

अभिषेक शर्मा पिछले कुछ समय से अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आए हैं। पिछली पांच पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 73 रन निकले हैं। टी20 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मुकाबले में भी वह आठ गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए।

हालांकि, जिम्बाब्वे की परिस्थितियों में अभिषेक का पिछला प्रदर्शन अच्छा रहा है, लेकिन मौजूदा फॉर्म के साथ उनकी फिटनेस भी टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है। पहले टी20 मुकाबले के दौरान उन्हें मामूली चोट लगी थी, जिसके कारण वह करीब 15 ओवर तक मैदान से बाहर रहे। बाद में उन्होंने मैदान पर वापसी की और बल्लेबाजी भी की, लेकिन लंबे अंतरराष्ट्रीय सत्र को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें एहतियातन आराम देने का फैसला कर सकता है।

प्रभसिमरन को मिल सकता है बड़ा मौका

अगर अभिषेक को आराम दिया जाता है तो प्रभसिमरन सिंह को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका मिलने की उम्मीद है। वह वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। दोनों के बीच बाएं और दाएं हाथ का संयोजन भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

प्रभसिमरन आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में उनके शामिल होने से भारतीय टीम को शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाने का विकल्प मिलेगा।

अशोक शर्मा को फिर मिलेगा भरोसा

गेंदबाजी विभाग में पहले मुकाबले में पदार्पण करने वाले अशोक शर्मा ने चार ओवर में 29 रन दिए थे और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इसके बावजूद दूसरे टी20 में उन्हें बाहर किए जाने की संभावना कम है। टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर देने की नीति पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में अशोक शर्मा को अपनी क्षमता साबित करने का एक और मौका मिल सकता है।

मध्यक्रम में बदलाव की संभावना नहीं

भारतीय टीम का मध्यक्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है। विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी होगी। तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह टीम के मध्यक्रम को आक्रामक मजबूती देंगे।

गेंदबाजी में रवि बिश्नोई स्पिन विभाग की कमान संभालेंगे। तेज गेंदबाजी में मयंक यादव अपनी रफ्तार से प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे, जबकि प्रिंस यादव और अशोक शर्मा उनका साथ देंगे। शिवम दुबे भी जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी का विकल्प प्रदान करेंगे।

दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित अंतिम एकादश

वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और मयंक यादव।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें