धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा भोपाल : 100 करोड़ में निखर रहा श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर, प्राथमिकता में भक्तों की सुविधा, पुराना गर्भगृह रहेगा सुरक्षित

भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में विकसित किए जा रहे करीब 100 करोड़ रुपये की लागत वाले श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मूल स्वरूप रहेगा सुरक्षित, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने स्पष्ट किया कि कॉरिडोर निर्माण का प्रमुख उद्देश्य श्रद्धालुओं को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर के पुराने गर्भगृह की मूल संरचना और धार्मिक स्वरूप से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। परिसर के आसपास का विकास इस तरह किया जाए कि मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे।

चरणबद्ध योजना से होगा निर्माण, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
मंत्री ने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्यों के लिए विस्तृत ड्राइंग और चरणबद्ध एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना का प्रत्येक चरण सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
न्यूनतम विस्थापन और सुचारु यातायात पर विशेष फोकस
सारंग ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को न्यूनतम विस्थापन सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
नागर शैली में बनेगा भव्य हनुमान लोक
करीब 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस कॉरिडोर का निर्माण राजस्थान के व्हाइट मार्बल और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला के अनुरूप किया जा रहा है। परिसर में सुंदरकांड की झांकियों से सुसज्जित भव्य कॉरिडोर तैयार होगा, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगा। इसके साथ ही आधुनिक पार्किंग, दर्शक दीर्घा, चैड़ी सड़कें, सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए अधोसंरचना और अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। दशहरा मैदान के खुले स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए वहां भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा भोपाल
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का संगम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विरासत भी और विकास भी की सोच को साकार करते हुए भोपाल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। निर्माण पूरा होने के बाद यह कॉरिडोर राजधानी भोपाल की नई पहचान बनने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन का प्रमुख आकर्षण भी बनेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
