मंगलवार, 14 अप्रैल 202609:12:13 PM
Download App
Home/देश

कमोडिटी बाजार में हलचल : चांदी 2.60 लाख के पार, सोने ने भी पकड़ी रफ्तार

admin

admin

Feb 11, 2026
01:18 PM
चांदी 2.60 लाख के पार, सोने ने भी पकड़ी रफ्तार

मुंबई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को कमोडिटी बाजार में जोरदार हलचल देखने को मिल रही है और कीमती धातुओं सोने और चांदी की कीमतों में मजबूत रिकवरी देखने को मिल रही है। एमसीएक्स पर सुबह से ही दोनों कीमती धातुओं में तेजी का माहौल है। खासतौर पर चांदी, जो मंगलवार को करीब 10,000 रुपए तक टूट गई थी, आज फिर तेजी की राह पर लौटती नजर आ रही है।

बुधवार को शुरुआती कारोबार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब एक प्रतिशत बढ़कर 1,58,436 रुपए प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी करीब 3 प्रतिशत चढ़कर 2,62,892 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गई।

हालांकि खबर लिखे जाने तक (दोपहर करीब 12.56 बजे) एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना करीब 1 प्रतिशत यानी 1,554 रुपए की तेजी के साथ 1,58,357 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, तो वहीं 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 3.72 प्रतिशत यानी 9,401 रुपए की उछाल के साथ 2,61,949 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

हालांकि, अगर रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो अब भी दोनों धातुएं अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे हैं। 29 जनवरी को सोने ने 1,83,000 रुपए और चांदी ने 4,20,000 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ था। अमेरिका में उपभोक्ता खर्च के कमजोर आंकड़े आने के बाद उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिस कारण सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई।

शुरुआती कारोबार में डॉलर इंडेक्स भी थोड़ा कमजोर होकर 96.80 से घटकर 96.59 पर आ गया। डॉलर के कमजोर होने से विदेशी निवेशकों के लिए सोना-चांदी थोड़ा सस्ता हो जाता है, जिससे मांग बढ़ती है। इससे भी कीमतों को सहारा मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतों में बढ़त देखी गई। अमेरिका में दिसंबर महीने के रिटेल सेल्स के आंकड़े उम्मीद से कम रहे, जिससे यह संकेत मिला कि लोगों का खर्च कम हो रहा है और अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें