गुरुवार, 16 जुलाई 202609:33:06 PM
Download App
Home/देश

जगन्नाथ रथयात्रा : भारी भीड़ के बीच भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 100 से ज्यादा घायल, रथों के दर्शन के दौरान बिगड़े हालात, धक्का-मुक्की से मची अफरातफरी

admin

admin

Jul 16, 2026
01:40 PM
भारी भीड़ के बीच भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 100 से ज्यादा घायल, रथों के दर्शन के दौरान बिगड़े हालात, धक्का-मुक्की से मची अफरातफरी

पुरी। ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दर्दनाक घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक श्रद्धालु को घटना के दौरान सांस लेने में तकलीफ हुई थी। गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु बड़ा डांडा (ग्रैंड रोड) पर रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कई लोग जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। लोगों ने किसी तरह खुद को और अपने परिजनों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

सामने आए हादसे के भयावह वीडियो

घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें भीड़ पूरी तरह बेकाबू नजर आ रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि श्रद्धालुओं का दबाव इतना अधिक था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सड़क पर बिखरी चप्पलें और सामान हादसे की भयावहता बयां कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

राहत-बचाव में जुटीं टीमें, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया।

प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य होने का दावा किया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या और हादसे के सटीक कारणों को लेकर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा के दौरान यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें