भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीजः : तीसरे मुकाबले में भी बारिश बनी विलेन, बिना एक भी गेंद फेंके मुकाबला हुआ रद्द, भारत 2-0 से है आगे

हैमिल्टन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज में बारिश लगातार खलल डाल रही है। मंगलवार को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाने वाला तीसरा वनडे मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया। लगातार खराब मौसम और गीली आउटफील्ड के कारण मैच को बिना एक भी गेंद फेंके रद्द करना पड़ा।
हालांकि, करीब दो घंटे की देरी के बाद टॉस कराया गया था, जिसमें भारतीय कप्तान ने लगातार तीसरी बार बाजी मारी और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन टॉस के कुछ ही मिनट बाद बारिश दोबारा शुरू हो गई और आखिरकार अंपायरों को मुकाबला रद्द करने का निर्णय लेना पड़ा।
12 घंटे की बारिश ने बिगाड़ा मैच का खेल
हैमिल्टन में पिछले करीब 12 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही थी। इसकी वजह से मुकाबले पर पहले से ही संकट के बादल मंडरा रहे थे। कुछ समय के लिए बारिश रुकने के बाद ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को खेलने लायक बनाने की कोशिश की, लेकिन मौसम ने फिर करवट बदल ली। बारिश दोबारा शुरू होते ही मैदान को कवर्स से ढकना पड़ा।
गीली आउटफील्ड और लगातार खराब मौसम के कारण मैच शुरू होने में लगभग दो घंटे की देरी हुई। इसके बाद टॉस कराया गया, लेकिन खेल शुरू होने की उम्मीदें जल्द ही टूट गईं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद मैच अधिकारियों ने मुकाबला रद्द करने की घोषणा कर दी।
पहले दो वनडे भी बारिश से रहे प्रभावित
इस सीरीज में बारिश का असर पहले से ही देखने को मिल रहा है। ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में भारत ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम के तहत पांच विकेट से जीत दर्ज की थी।
वहीं, वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में भी बारिश ने मुकाबले का रोमांच प्रभावित किया। न्यूजीलैंड की ओर से दिए गए 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 113 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, डीएलएस पार स्कोर से चार रन आगे होने के कारण भारत को विजेता घोषित किया गया।
आखिरी दो मैचों में बदली नजर आएगी टीम इंडिया
सीरीज के अंतिम दो मुकाबलों में भारतीय टीम के संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकता है। शुभमन गिल की जगह श्रेयस अय्यर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। गिल अन्य रेड-बॉल खिलाड़ियों के साथ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटेंगे। ऐसे में श्रेयस अय्यर के सामने टीम को जीत दिलाकर सीरीज का शानदार अंत करने की चुनौती होगी।
शुक्रवार को माउंट माउंगानुई में अगला मुकाबला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का चैथा वनडे शुक्रवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा। पांचवां और अंतिम मुकाबला रविवार को होगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 से आगे है और उसकी नजरें बाकी दोनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप करने पर होंगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम घरेलू मैदान पर वापसी करते हुए सीरीज का अंतर कम करना चाहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
