बैक टू बैक की हार का हिसाब शुरू : टीम इंडिया के कोचिंग स्टाॅफ पर गिरेगी गाज, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे की समीक्षा के बाद बीसीसीआई लेगा एक्शन

नई दिल्ली। आयरलैंड और इंग्लैंड में टी-20 सीरीज में भारतीय टीम की शर्मनाक हार के बीसीसीआई बदलाव करने के मूड में आ गया है। इसकी शुरुआत भी टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाॅफ से होगी। रिपोर्ट की मानें तो कोचिंग स्टाफ से दो सदस्यों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बीसीसीआई अगस्त में होने वाले श्रीलंका दौरे से पहले कोचिंग स्टाफ की समीक्षा करेगा।
हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि संभावित बदलावों का सीधा संबंध हालिया हार से नहीं है, बल्कि पिछले कुछ महीनों से कोचिंग स्टाफ के भीतर चल रहे आंतरिक मतभेद और कार्यशैली से जुड़े मुद्दों को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया गया है कि गंभीर और उनके सपोर्ट स्टाफ का बीसीसीआई के साथ 2़1 वर्ष का अनुबंध है। शुरुआती दो वर्ष पूरे होने के बाद दोनों पक्षों के पास इसे एक वर्ष बढ़ाने का विकल्प मौजूद है।
वीवीएस लक्ष्मण को नई जिम्मेदारी मिलने से बढ़ीं चर्चाएं
बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए गौतम गंभीर और उनके नियमित सपोर्ट स्टाफ को जिम्मेदारी नहीं दी है। इसके बजाय वीवीएस लक्ष्मण को टीम का हेड कोच बनाया गया है। इतना ही नहीं, जापान में होने वाले 2026 एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम की कमान लक्ष्मण के हाथों में होगी।
इस फैसले ने क्रिकेट जगत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बोर्ड के एक सूत्र के अनुसार, जिम्बाब्वे जैसे दौरे के लिए लक्ष्मण को भेजने और फिर एशियन गेम्स की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपने के पीछे कोई बड़ी रणनीति हो सकती है। सूत्र का कहना है कि मामला जितना दिखाई दे रहा है, उससे कहीं अधिक गंभीर हो सकता है और बोर्ड भविष्य के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है।
गंभीर के कार्यकाल में कई बदलाव हुए
गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में भारतीय टीम के हेड कोच का पद संभाला था। उनके साथ रयान टेन डोशेट, टी. दिलीप और बाद में मोर्ने मोर्केल को कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया। गंभीर अपने भरोसेमंद सहयोगी अभिषेक नायर और सितांशु कोटक को भी साथ लाए थे।
हालांकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अभिषेक नायर टीम से अलग हो गए, जबकि सितांशु कोटक को बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी दी गई। हाल ही में साईराज बहुतुले को स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया, जिससे कोचिंग स्टाफ में पहले ही कई बदलाव हो चुके हैं।
बीसीसीआई के अगले कदम पर टिकी नजरें
इंग्लैंड दौरे के बाद अब सभी की निगाहें बीसीसीआई की समीक्षा बैठक पर टिकी हैं। यदि रिपोर्टों पर भरोसा किया जाए तो आने वाले दिनों में टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। श्रीलंका दौरे से पहले लिए जाने वाले फैसले भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट है कि लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में बदलाव की बयार तेज हो चुकी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
