सोमवार, 21 सितंबर 202610:30:24 PM
Download App
Home/देश

भवन विकास निगम बनेगा कमाई का नया केंद्र : सीएम ने रेवेन्यू जनरेटिंग बॉडी बनाने दिए निर्देश, बैठक में निगम के दो अहम प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 21, 2026
11:03 AM
सीएम ने रेवेन्यू जनरेटिंग बॉडी बनाने दिए निर्देश, बैठक में निगम के दो अहम प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम लिमिटेड के संचालक मंडल की पांचवीं बैठक हुई। बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, मनीष रस्तोगी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और नए राजस्व स्रोत विकसित करने पर जोर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निगम के लिए जल्द से जल्द ‘रेवेन्यू जनरेटिंग बॉडी’ गठित करने के निर्देश दिए। संचालक मंडल ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति भी प्रदान कर दी।

सीएम ने कहा कि निगम को ऐसे नए और वैकल्पिक राजस्व स्रोत विकसित करने चाहिए, जिनसे काम शुरू करने की तत्काल गुंजाइश बने और आय भी प्राप्त हो। उन्होंने बड़े भवन निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा से पहले पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया।

जन-मन सभागार पर सीएम की नजर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में 26.57 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए जा रहे जन-मन सभागार का निर्माण जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद के लिए तैयार किया जा रहा यह सभागार महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भवन विकास निगम द्वारा बनाए जा रहे नए मेडिकल कॉलेजों की इमारत और अन्य अधोसंरचनाओं का निर्माण केंद्र सरकार के वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) मानकों के अनुरूप किया जाए।

25 करोड़ तक के टेंडर को मिली मंजूरी

बैठक में मुख्यमंत्री ने निगम के दो अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। अब निगम को प्राप्त होने वाली 25 करोड़ रुपए तक की प्राक्कलित अनुबंध राशि वाली निविदाओं की स्वीकृति या निरस्तीकरण के लिए प्रबंध संचालक और गठित अधिकार समिति को अधिकृत किया गया है। इससे निविदाओं से जुड़े निर्णयों में तेजी आने की संभावना है। इसके अलावा निगम की संगठनात्मक संरचना में महाप्रबंधक (तकनीकी) संवर्ग के अंतर्गत महाप्रबंधक (निविदा) और महाप्रबंधक (रीडेंसिफिकेशन) के दो नए पद सृजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

763 परियोजनाओं पर चल रहा काम

बैठक में प्रबंध संचालक ने निगम की प्रगति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन विकास निगम को कुल 763 परियोजनाएं आवंटित की गई हैं। इन सक्रिय परियोजनाओं की कुल निर्माण लागत करीब 10,994 करोड़ रुपए है। निगम द्वारा भर्ती प्रक्रिया आईआईएम इंदौर के माध्यम से की जा रही है। साथ ही मानक निविदा दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं, जिससे निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता और मानकीकरण बढ़ने की बात कही गई।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें