शुक्रवार, 27 नवंबर 202604:33:31 PM
Download App
Home/देश

बिजली चोरों पर शिकंजा : कंपनी ने अब तक 41 हजार से ज्यादा मामले पकड़े, की 70 करोड़ की वसूली, संकेत मिलते ही पहुंच रही टीम

admin

admin

Nov 27, 2026
03:16 PM
कंपनी ने अब तक 41 हजार से ज्यादा मामले पकड़े, की 70 करोड़ की वसूली, संकेत मिलते ही पहुंच रही टीम

भोपाल। मध्यप्रदेश में बिजली चोरी और अनियमित तरीके से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने चालू कैलेंडर वर्ष में एक जनवरी से अब तक इंदौर और उज्जैन संभाग के 15 जिलों में 98 हजार से अधिक स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी और अन्य अनियमितताओं के 41 हजार से ज्यादा प्रकरण पकड़े गए। इन मामलों में कंपनी ने करीब 93 करोड़ रुपए की बिलिंग की है, जबकि अब तक 70 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वसूल की जा चुकी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बिजली चोरी रोकने के लिए निगरानी और जांच व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

तकनीकी संकेत मिलते ही पहुंच रही जांच टीम

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए सतर्कता संकाय और संचारण-संधारण टीमों को सक्रिय किया गया है। इंदौर और उज्जैन क्षेत्र के सभी 15 जिलों में नियमित रूप से जांच की जा रही है। तकनीकी माध्यमों से अनियमितता के संकेत मिलने, शिकायत प्राप्त होने या भौतिक रूप से गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित परिसर की जांच कर कार्रवाई की जाती है। सामान्य जांच के अलावा समय-समय पर विशेष जांच दल गठित कर अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के साथ राजस्व नुकसान को रोकना है।

वी-कनेक्ट एप पर 520 शिकायतें, 88 लाख की बिलिंग

बिजली चोरी पकड़ने के अभियान में आम लोगों की भागीदारी भी बढ़ाई जा रही है। कंपनी ने वी-कनेक्ट एप के माध्यम से नागरिकों को बिजली चोरी और अनियमितताओं की सूचना देने की सुविधा उपलब्ध कराई है। कंपनी के मुख्य सतर्कता अधिकारी एसआर बमनके के अनुसार, पिछले पांच महीनों में एप पर 520 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इन सूचनाओं के आधार पर जांच के बाद प्रकरण दर्ज किए गए और करीब 88 लाख रुपए की बिलिंग की गई। खास बात यह है कि सूचना सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को सीधे लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रक्रिया के माध्यम से इनाम भी दिया जा रहा है। इससे बिजली चोरी की जानकारी देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें