उपचुनाव हार के बाद भाजपा का एक्शन : दतिया में पूरी जिला कार्यकारिणी भंग, समीक्षा रिपोर्ट के बाद पार्टी ने लिया सख्त फैसला, जिलाध्यक्ष से मंडल अध्यक्ष तक सभी पदाधिकारी हटाए गए

भोपाल। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने दतिया जिले की वर्तमान जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष समेत सभी संगठनात्मक इकाइयों को पदमुक्त कर दिया गया है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश और दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
जिला संगठन की सभी इकाइयां हुईं भंग
जारी आदेश के अनुसार दतिया जिले की मौजूदा संगठनात्मक संरचना को समाप्त कर दिया गया है। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, सभी मंडल इकाइयां, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभाग शामिल हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के बाद संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। अब दतिया में नए सिरे से संगठन का गठन किया जाएगा।
हार के कारणों की समीक्षा के बाद फैसला
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को कांग्रेस उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने हार के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी नेतृत्व को भीतरघात से जुड़े कुछ तथ्यों और शिकायतों की जानकारी दी थी। इसके बाद संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समीक्षा प्रक्रिया शुरू की।
दो सदस्यीय समिति ने सौंपी रिपोर्ट
दतिया उपचुनाव में हार की समीक्षा के लिए भाजपा ने दो सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा शामिल थे। समिति ने क्षेत्र में पहुंचकर पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और चुनाव से जुड़े लोगों से चर्चा कर हार के कारणों की जानकारी जुटाई। इसके अलावा मंडल स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे छह मंत्रियों से भी मंडलवार रिपोर्ट मांगी गई थी। समीक्षा के बाद पार्टी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चुनाव परिणाम आने के 24 घंटे के भीतर संगठनात्मक बदलाव का फैसला लिया।
संगठन को मजबूत करने की तैयारी
भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब दतिया में नए चेहरों को मौका देकर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की तैयारी में है। उपचुनाव में मिली हार को पार्टी ने गंभीरता से लिया है और भविष्य की चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। दतिया में संगठन की नई टीम के गठन को लेकर जल्द फैसला होने की संभावना है। पार्टी का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और संगठन को फिर से मजबूत आधार देना है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
