मंगलवार, 17 नवंबर 202612:03:21 AM
Download App
Home/देश

आदमपुर खंती में फिर भड़की आग : इस साल तीसरी बड़ी घटना, 5 किमी दूर तक दिखीं लपटें, शॉर्ट सर्किट की आशंका

admin

admin

Nov 16, 2026
03:42 PM
इस साल तीसरी बड़ी घटना, 5 किमी दूर तक दिखीं लपटें, शॉर्ट सर्किट की आशंका

भोपाल। आदमपुर खंती में कचरे का पहाड़ कम करने की कवायद के बीच आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को यहां संचालित प्लास्टिक रिसाइकल यूनिट में अचानक आग लग गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि करीब 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। पीपीपी मोड पर टेराफॉर्म संस्था द्वारा संचालित इस यूनिट में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। संस्था संचालक राहुल चौधरी के मुताबिक घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। इस यूनिट से नगर निगम को हर महीने 32 हजार रुपए रॉयल्टी मिलती है। इस साल 17 मार्च और 2 मई को भी खंती में भीषण आग लग चुकी है।

7 लाख टन कचरे में से 2.40 लाख टन का ही निपटारा

आदमपुर में करीब 7 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निपटारा किया जा रहा है। इसमें से अब तक 2.40 लाख मीट्रिक टन कचरा हटाया जा चुका है। शेष कचरे के निष्पादन की जिम्मेदारी सौराष्ट्र एन्वायरो को दी गई है। इसके लिए 55 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है और फरवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। हाल ही में गीले और सूखे कचरे को अलग करने वाली दो आधुनिक मशीनें भी मंगाई गई हैं। इसके बावजूद खंती में आग की तीसरी बड़ी घटना ने कचरा प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

850 टन कचरा रोज पहुंच रहा, क्षमता से कम हो रही प्रोसेसिंग

भोपाल में रोजाना करीब 850 टन कचरा निकलता है, जिसमें से लगभग 800 टन आदमपुर पहुंचता है। नियमानुसार 510 टन मिश्रित कचरे की प्रोसेसिंग जरूरी है, जबकि निगम के पास 420 टन प्रतिदिन क्षमता का ही प्लांट है। क्षमता से कम प्रसंस्करण के कारण कचरे का ढेर बढ़ता है। पुराने कचरे से निकलने वाली मीथेन गैस आग की आशंका बढ़ाती है। वहीं खंती से निकलने वाले लिचेट के कारण आसपास के गांवों के भूजल में प्रदूषण की शिकायतें हैं। भारी धातुओं की मात्रा 100 गुना तक अधिक पाए जाने का दावा भी किया गया है। इस मामले में एनजीटी नगर निगम पर एक करोड़ रुपए का जुर्माना लगा चुका है और मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें