अभी काम से दूर जाने का कोई सवाल नहीं : रिटारयमेंट की अटकलों पर बिग बी ने ऐसे लगाया विराम

मुंबई। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के रिटायरमेंट को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही अटकलों पर अब खुद अभिनेता ने विराम लगा दिया है। अपने ब्लॉग की एक पंक्ति को लेकर उठे कयासों के बीच अमिताभ बच्चन ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अभिनय और अपने पेशेवर काम से संन्यास लेने की तैयारी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने अपने अंदाज में सफाई देते हुए बताया कि पिछली पोस्ट में 'रिटायर' शब्द का इस्तेमाल काम छोड़ने के अर्थ में नहीं किया गया था।
एक पंक्ति ने बढ़ा दी थीं अटकलें
दरअसल, अमिताभ बच्चन की पिछली ब्लॉग पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा शुरू हो गई थी कि क्या महानायक अब अपने लंबे फिल्मी सफर को विराम देने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी पोस्ट के आखिर में लिखी एक पंक्ति को कई लोगों ने रिटायरमेंट के संकेत के तौर पर लिया।
अमिताभ ने अपनी नई पोस्ट के जरिए इस पूरे मामले को साफ कर दिया। उन्होंने लिखा, “नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं।” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में समझाया कि उनका आशय काम छोड़ने से नहीं, बल्कि सोने जाने से था।
शब्दों के गलत मतलब निकाले जाने से नाराज
अमिताभ बच्चन ने अपनी पिछली पोस्ट में इस बात पर भी चिंता जताई थी कि उनके ब्लॉग में लिखी बातों को कई बार संदर्भ से अलग करके देखा जाता है। उनका कहना था कि उनके शब्दों को अलग-अलग अर्थ देकर पेश किया जाता है और कई बार बात का मूल भाव ही बदल जाता है।
इसी क्रम में उन्होंने पिछली पोस्ट का अंत “और मैं रिटायर हो गया” जैसी पंक्ति से किया था। यही बात बाद में उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उस वाक्य का संबंध उनके पेशेवर जीवन से नहीं था।
काम के मोर्चे पर अब भी सक्रिय महानायक
82 वर्ष की उम्र में भी अमिताभ बच्चन लगातार सक्रिय हैं। फिल्मों के साथ-साथ वह टेलीविजन पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए हैं। फिलहाल वह लोकप्रिय प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन की मेजबानी कर रहे हैं।
वर्ष 2000 में शुरू हुए इस कार्यक्रम से अमिताभ बच्चन लंबे समय से जुड़े हुए हैं। उनके अंदाज, संवाद बोलने के तरीके और प्रतियोगियों के साथ सहज बातचीत ने इस कार्यक्रम को भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में शामिल कर दिया है। ऐसे में उनकी नई सफाई से साफ है कि महानायक की पेशेवर पारी अभी जारी है और रिटायरमेंट की अटकलों पर फिलहाल पूर्ण विराम लग गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
