मंगलवार, 14 अप्रैल 202609:15:07 PM
Download App
Home/देश

उन्हें शर्म आनी चाहिए : एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर राहुल पर बरसे केन्द्रीय मंत्री, कहा- वह नहीं सुधरने वाले

admin

admin

Feb 25, 2026
01:43 PM
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर राहुल पर  बरसे केन्द्रीय मंत्री, कहा- वह नहीं सुधरने वाले

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रोटेस्ट को लेकर कांग्रेस भाजपा के निशाने पर है। एनडीए के नेता आए दिन कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोल रहे हैं। इसी क्रम में केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने राहुल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं ने एआई समिट के दौरान भारत को बदनाम करने की साजिश रची और राहुल गांधी उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन, राहुल गांधी कभी सुधरने वाले नहीं हैं।

दिल्ली पुलिस द्वारा मंगलवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है। अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।

नेता प्रतिपक्ष की बातें सुनकर आ जाती है हंसीः सिंह

राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की बातें सुनकर सचमुच हंसी आ जाती है। आप बार-बार खुद को हास्यास्पद क्यों बना लेते हैं? देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। वे आपकी तरह हर मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी नहीं करते, बल्कि देश के हित में दृढ़ और ठोस निर्णय लेते हैं। यही कारण है कि आज देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लेकिन, राहुल गांधी को देश का विकास नहीं दिखाई देगा। उन्होंने गलत चश्मा लगाया हुआ है। पीएम मोदी देशहित में समर्पित हैं और आप बेतुके बयान देते रहते हैं। अपने में सुधार लाइए, आपका भला होगा। हालांकि, आप मानने वाले नहीं हैं, आप आदत से लाचार हैं, पीएम मोदी देश को आगे बढ़ाते रहेंगे।

एआई समिट को सराहा पूरी दुनिया ने

उन्होंने कहा कि एआई समिट को पूरी दुनिया ने सराहा। लेकिन, राहुल गांधी के इशारे पर वहां पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रोटेस्ट किया। राहुल गांधी ने पूरे विश्व के सामने भारत को बदनाम किया। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि पूरे देश के सामने राहुल गांधी के कार्यकर्ताओं ने जो किया है, वह देशद्रोह नहीं तो क्या है। देशद्रोह क्या होता है, देश का मान-सम्मान गिराना देशद्रोह होता है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन, नहीं मांगेंगे, क्योंकि आप कभी सुधरने वाले नहीं हैं। भगवान आपका भला करे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें