यूपी में भीषण सड़क हादसा : कुशीनगर में ट्रेलर से टकराई वैन, 6 की दर्दनाक मौत, इनमें 5 लोग एक ही परिवार के, भयावह था हादसा

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुडीह गांव के पास एक ओमनी वैन और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। हादसा इतना भयावह था कि वैन के परखच्चे उड़ गए हैं।
तिलक समारोह से लौटते समय काल बनकर आया ट्रेलर
जानकारी के मुताबिक, आठ लोग ओमनी वैन में सवार होकर एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी हाटा से कप्तानगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा क्षेत्र में अहीरौली की तरफ से आ रहे ट्रक और वैन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
छह की मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि वैन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें छह की मौत हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
