केरलम में सीएम पर सस्पेंस खत्म! : वेणुगोपाल का पत्ता कट, वीडी सतीशन होंगे राज्य के नए मुखिया, हाइलेवल मीटिंग के बाद कांग्रेस ने नाम का किया ऐलान

नई दिल्ली। केरलम में नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस हाईकमान ने वीडी सतीशन को केरलम की जिम्मेदारी सौंप दी है। गुरुवार को हाइलेवल मीटिंग के बाद वीडी सतीशन के नाम का ऐलान किया गया। इसी के साथ 11 दिनों से सीएम को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। बता दें कि केरलम में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान हुआ था और 4 मई को नतीजे आए थे।
केरलम में सीएम पद पर सतीशन की ताजपोशी होने से सियासी गलियारों चर्चा शुरू हो गई है कि अब कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का पत्ता कट गया है। बता दें कि गुरुवार को ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरलम के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा से पहले पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ हाइलेवल मीटिंग की थी।
आज ही होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक
इस मीटिंग में एआईसीसी की महासचिव प्रभारी दीपा दासमुंशी और दो वरिष्ठ पर्यवेक्षक- अजय माकन और मुकुल वासनिक शामिल थे। इन तीनों ने हाल ही में सभी नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत की थी और उनके मन की बात जानी थी। बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रेस वार्ता में बताया गया कि वीडी सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। सूत्रों की मानें तो आज शाम को ही केरलम कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी होने वाली है।
कांग्रेस ने 11 दिन बाद मुख्यमंत्री का किया चयन
केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित हुए थे। लेकिन 11 दिन बाद भी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया था। राहुल गांधी ने बुधवार शाम को खड़गे के साथ 30 मिनट की बैठक की, जिसमें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर चर्चा हुई। इसके बाद राहुल ने गुरुवार सुबह एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
