सोमवार, 3 अगस्त 202609:38:51 PM
Download App
Home/देश

CWG 2026 में भारत की ऐतिहासिक चमक : लोकसभा में गूंजा खिलाड़ियों के सम्मान का स्वर, 39 पदकों के साथ दुनिया में लहराया तिरंगा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 03, 2026
07:01 AM
लोकसभा में गूंजा खिलाड़ियों के सम्मान का स्वर, 39 पदकों के साथ दुनिया में लहराया तिरंगा

नई दिल्ली। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया। भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदकों सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चैथा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी पदक विजेताओं, उनके कोच और भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

प्रश्नकाल शुरू होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का नाम लेकर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अस्मिता डे, हर्ष सिंह, प्रीति पवार, जैस्मिन लेम्बोरिया, साक्षी चैधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चैधरी, सचिन सिवास, अंकुश पंघाल और सोमन राणा सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। वहीं नीरज चोपड़ा, लवलीना बोरगोहेन, नरेंद्र बेरवाल और अन्य खिलाड़ियों ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली भरी, जबकि तेजस्विन शंकर, यशवीर सिंह, सेल्वा प्रभु, उन्नति शर्मा और गुलवीर सिंह ने कांस्य पदक हासिल किए।

महिला खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार ताकत

ओम बिरला ने विशेष रूप से भारतीय महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने 8 स्वर्ण सहित कुल 16 पदक जीतकर भारतीय खेलों की नई तस्वीर पेश की है। यह प्रदर्शन देश में महिला खेल प्रतिभाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और मजबूत तैयारी का प्रमाण है।

कई खेलों में बना नया इतिहास

कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 भारत के लिए कई ऐतिहासिक उपलब्धियां लेकर आया। भारतीय जूडो खिलाड़ियों ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया। मुक्केबाजी में भारतीय टीम ने पहली बार 7 स्वर्ण सहित कुल 10 पदक जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ में रजत और 5 हजार मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया।

अब अहमदाबाद में सजेगा अगला महाकुंभ

लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स का अगला संस्करण भारत के अहमदाबाद में आयोजित होगा। समापन समारोह के दौरान आधिकारिक बैटन भारत को सौंप दिया गया है। ऐसे में अब देश के पास न सिर्फ सफल मेजबानी का अवसर होगा, बल्कि अपने खिलाड़ियों के दम पर और भी बेहतर प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका भी रहेगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें