मंगलवार, 18 अगस्त 202611:38:28 AM
Download App
Home/देश

‘रास्ता दिलाने में लाचार हैं तो निलंबित करो’ : महिला की शिकायत सुनते ही योगी का पारा हुआ हाई, जिम्मेदारों को दिया सख्त संदेश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 18, 2026
07:45 AM
महिला की शिकायत सुनते ही योगी का पारा हुआ हाई, जिम्मेदारों को दिया सख्त संदेश

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवाद और राजस्व मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने दबंगों पर रास्ता रोकने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई।

महिला ने बताया कि वह अपनी समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि महिला को उसका रास्ता हर हाल में दिलाया जाए। मुख्यमंत्री ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार पात्र व्यक्ति को उसका रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ पाते हैं, तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए।

‘लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार मिले और शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय स्तर पर हल होने वाली शिकायतों को बेवजह लंबित न रखा जाए। शिकायतकर्ताओं को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। खास तौर पर भूमि विवादों में मौके की वास्तविक स्थिति देखकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने और जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

इलाज के लिए भी सरकार का भरोसा

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री ने मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। योगी ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता की शिकायतों को औपचारिकता न मानें, बल्कि संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ उनका समाधान करें। उनके सख्त निर्देशों से साफ है कि राजस्व मामलों में लापरवाही अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें