झीरम घाटी नक्सली हमले में 10 आरोपी दोषी : NIA कोर्ट ने 13 साल बाद किया न्याय, 16 सितंबर को होगा सजा ऐलान, अटैक में 32 की गई थी जान

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में करीब 13 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत ने शनिवार को मामले में गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया। दोषियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। अब अदालत 16 सितंबर को उनकी सजा की अवधि पर फैसला सुनाएगी। मामले में लंबे समय तक चली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 101 गवाह पेश किए थे।
अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने के बाद बचाव पक्ष के वकील ने कहा है कि दोषसिद्धि के फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी फैसले की प्रति प्राप्त नहीं हुई है। प्रति मिलने के बाद अपील के आधार और कानूनी दलीलें तय की जाएंगी। अदालत अब 16 सितंबर को दोषियों की सजा पर अपना फैसला सुनाएगी।
13 साल पुरानी खूनी वारदात का आया फैसला
बता दें कि झीरम घाटी में 25 मई 2013 को माओवादियों ने कांग्रेस की ‘परिवर्तन रैली’ को निशाना बनाकर घातक हमला किया था। दरभा घाटी के झीरम इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं समेत कम से कम 32 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता महेंद्र कर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल और पूर्व विधायक उदय मुदलियार समेत कई प्रमुख नेताओं की जान चली गई थी। महेंद्र कर्मा नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए ‘सलवा जुडूम’ आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल थे।
11 गिरफ्तार, एक की सुनवाई के दौरान मौत
हमले के बाद राज्य पुलिस ने मामला दर्ज किया था। तत्कालीन सरकार ने दो दिन के भीतर जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी। जांच के दौरान एजेंसी ने 40 मुख्य आरोपियों समेत 150 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई। इसके बाद बचे 10 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई जारी रही। अभियोजन पक्ष ने अदालत में 101 गवाहों के बयान दर्ज कराए। वहीं, एजेंसी की आरोपपत्र में 33 अन्य लोगों को फरार बताया गया है। इनमें कुछ नक्सली बाद में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
