लश्कर का पाकिस्तानी कमांडर मुठभेड़ में ढेर : यूसमर्ग में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, यासिर लंबे समय से था निगरानी में

श्रीनगर। घाटी में आतंकवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूसमर्ग में शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी कमांडर यासिर को ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को जहां बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं यासिर के मारे जाने पर आतंकी संगठन को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक, यासिर लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और सुरक्षाबलों की निगरानी में था।
एक साल पहले अलग हुआ था बड़े गुट से
सूत्रों के अनुसार, यासिर पहले लश्कर के बड़े आतंकी सुलेमान मूसा गुट का हिस्सा था। करीब एक साल पहले वह इस गुट से अलग हो गया था। इसके बाद उसने अलग तरीके से गतिविधियां संचालित करनी शुरू कर दीं। यूसमर्ग क्षेत्र में वह लश्कर के प्रमुख कमांडर के तौर पर सक्रिय था। सुरक्षा बल उसकी गतिविधियों और आवाजाही पर लंबे समय से नजर रख रहे थे।
शनिवार को यूसमर्ग में सुरक्षाबलों और यासिर के बीच आमना-सामना हुआ। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए यासिर को मार गिराया।
नेटवर्क खंगालने में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब उसके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। उसके लश्कर के अन्य आतंकियों के साथ संपर्क, इलाके में उसकी गतिविधियों और हाल में किसी आतंकी साजिश की योजना बनाने या उसे अंजाम देने में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों की नजर इस बात पर भी है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
