Pranit More Controversy : ‘मैं बहक गया था’ कहकर प्रणित मोरे हाथ जोड़कर माफी मांगी,‘370 की बिरयानी' विवाद के बाद सामने आए कॉमेडियन

मनोरंजन: ‘370 की बिरयानी’ विवाद में घिरे स्टैंड-अप कॉमेडियन Pranit More ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने स्वीकार किया कि लाइव शो के दौरान उनसे ‘लैप्स ऑफ जजमेंट’ हुआ और वह माहौल में बहक गए थे।
क्या था पूरा विवाद
यह विवाद प्रणित के एक लाइव कॉमेडी शो के दौरान शुरू हुआ था, जब क्राउड वर्क सेशन में दर्शकों के बीच मौजूद एक व्यक्ति ने ‘370 की बिरयानी’ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उस समय प्रणित और वहां मौजूद कुछ लोग इस पर हंस पड़े थे। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
प्रणित मोरे पर दर्ज हुई एफआईआर
विवाद बढ़ने के साथ प्रणित मोरे को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। मामले में उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज की गई। वहीं, कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को अपनी नौकरी भी गंवानी पड़ी।
प्रणित मोरे ने जोड़कर माफी मांगी
इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने और कुछ समय तक सार्वजनिक रूप से चुप रहने के बाद प्रणित अब सामने आए हैं। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह उस व्यक्ति को रोक सकते थे या उसकी टिप्पणी का विरोध कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए। उन्होंने इसे अपनी बड़ी गलती बताया।
प्रणित मोरे ने उन सभी लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी है, जिनकी भावनाएं इस घटना से आहत हुई हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह चल रही कानूनी प्रक्रिया में पुलिस और संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने दर्शकों से एक और मौका देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि वह अपने कंटेंट और खुद पर काम कर बेहतर इंसान बनने की कोशिश करेंगे।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
