रविवार, 15 नवंबर 202612:15:16 AM
Download App
Home/लाइफस्टाइल

डायबिटीज के इन 6 लक्षणों को न करें नजरअंदाज! : 40% से ज्यादा मरीजों को बीमारी का पता ही नहीं, विश्व मधुमेह दिवस पर डब्ल्यूएचओ ने किया आगाह

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 14, 2026
08:27 AM
40% से ज्यादा मरीजों को बीमारी का पता ही नहीं, विश्व मधुमेह दिवस पर डब्ल्यूएचओ ने किया आगाह

नई दिल्ली। मधुमेह यानी डायबिटीज आज दुनिया की सबसे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल हो चुकी है। चिंता की बात यह है कि दुनियाभर में इस बीमारी से पीड़ित 40 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को पता ही नहीं होता कि वे मधुमेह की चपेट में हैं। समय पर बीमारी की पहचान नहीं होने के कारण मरीजों को जरूरी इलाज और देखभाल नहीं मिल पाती। इसी खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मधुमेह के लक्षणों और बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।

शरीर में दिखें ये 6 लक्षण तो तुरंत कराएं जांच

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लोगों को मधुमेह के शुरुआती संकेतों के प्रति सतर्क किया है। संगठन के मुताबिक, शरीर में निम्नलिखित लक्षण दिखाई देने पर मधुमेह की जांच करानी चाहिए।

  • बहुत ज्यादा प्यास लगना।

  • बार-बार पेशाब आना।

  • नजर का धुंधला होना।

  • लगातार थकान महसूस होना।

  • घाव भरने में अधिक समय लगना।

  • बार-बार संक्रमण होना।

डब्ल्यूएचओ ने सलाह दी है कि इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में चिकित्सक से संपर्क कर उचित जांच और सलाह लेनी चाहिए।

टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज में क्या है अंतर?

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, टाइप-1 मधुमेह तेजी से विकसित हो सकता है। इसके लक्षण कम समय में सामने आ सकते हैं, इसलिए संकेत दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।

वहीं टाइप-2 मधुमेह धीरे-धीरे विकसित होता है। कई बार इसके लक्षण बहुत हल्के होते हैं या लंबे समय तक दिखाई ही नहीं देते। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बीमारी की समय पर पहचान करने में मददगार साबित हो सकती है।

40 प्रतिशत से अधिक मरीज बीमारी से अनजान

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, दुनियाभर में मधुमेह से पीड़ित 40 प्रतिशत से अधिक लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी नहीं है। ऐसे मरीज समय पर उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। बीमारी का पता देर से चलने पर स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का खतरा भी बढ़ सकता है।

2030 तक 80 प्रतिशत मरीजों की पहचान का लक्ष्य

इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम 'मधुमेह पर जल्दी कार्रवाई' रखी गई है। इसका उद्देश्य समय पर बीमारी की पहचान, बेहतर उपचार और मरीजों को संपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। डब्ल्यूएचओ ने 2030 तक मधुमेह से पीड़ित कम से कम 80 प्रतिशत लोगों की बीमारी की पहचान करने का वैश्विक लक्ष्य रखा है। संगठन का संदेश साफ है कि जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार के जरिए मधुमेह से होने वाले गंभीर खतरों को कम किया जा सकता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें