Vastu Tips : किराए के मकान में महसूस होती है बेचैनी? वास्तु के ये 4 आसान उपाय बदल सकते हैं घर का माहौल

Vastu Tips: आज के दौर में पढ़ाई, नौकरी और कारोबार के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोग अपना घर छोड़कर दूसरे शहरों में किराए पर रहते हैं। लेकिन कई बार नए घर में रहने के बावजूद मन में बेचैनी, तनाव और नकारात्मकता महसूस होने लगती है। ऐसे में वास्तु शास्त्र में कुछ आसान उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर घर के वातावरण को सकारात्मक और सुकूनभरा बनाया जा सकता है।
खास बात यह है कि इन उपायों को अपनाने के लिए आपको किराए के मकान में किसी तरह की तोड़-फोड़ करने या बड़े बदलाव करने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं ऐसे ही चार आसान वास्तु उपायों के बारे में।
1. घर के मुख्य द्वार को हमेशा रखें साफ
वास्तु शास्त्र में घर के मुख्य द्वार को विशेष महत्व दिया गया है। मान्यता है कि मुख्य द्वार से ही घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। इसलिए किराए के मकान में रहते हुए भी दरवाजे और उसके आसपास की जगह को हमेशा साफ-सुथरा रखें। यहां अनावश्यक सामान जमा न होने दें और पर्याप्त रोशनी का ध्यान रखें।
2. नमक और फिटकरी से जुड़ा वास्तु उपाय
वास्तु की मान्यताओं के अनुसार, घर के वातावरण को सकारात्मक बनाए रखने के लिए नमक और फिटकरी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए पानी में थोड़ा नमक मिलाकर घर में पोछा लगा सकते हैं। इसके अलावा कांच की कटोरी में फिटकरी के कुछ टुकड़े और थोड़ा नमक रखकर घर के किसी कोने में रखने की भी परंपरा है।
3. पूजा घर और ईशान कोण की रखें विशेष सफाई
वास्तु शास्त्र में उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण को बेहद शुभ माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह दिशा पूजा-पाठ और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए घर के इस हिस्से को साफ-सुथरा रखें। यदि मकान में पूजा का स्थान बनाया है, तो वहां नियमित रूप से साफ-सफाई करें और अनावश्यक सामान जमा न होने दें।
4. दीवारों और पर्दों के रंगों का रखें ध्यान
घर के रंग भी उसके वातावरण और मन की अनुभूति को प्रभावित कर सकते हैं। वास्तु शास्त्र में हल्के और सौम्य रंगों को प्राथमिकता दी जाती है। किराए के मकान में सफेद, क्रीम और हल्के पीले रंग का इस्तेमाल अच्छा माना जाता है। अगर दीवारों का रंग बदलना संभव न हो, तो हल्के रंग के पर्दे, चादरें और सजावटी सामान इस्तेमाल कर सकते हैं।
किराए के मकान में भी बना सकते हैं सकारात्मक माहौल
किराए का घर होने का मतलब यह नहीं कि वहां आप अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार बेहतर वातावरण नहीं बना सकते। साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, व्यवस्थित सामान और सकारात्मक दिनचर्या से घर को अधिक आरामदायक बनाया जा सकता है। वास्तु के ये उपाय धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित हैं।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
